नई दिल्ली :अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) नए साल पर दिल्लीवासियों को एक बड़ा तोहफा देने जा रही है। दिल्ली सरकार 1 जनवरी 2023 से अपने सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में 450 तरह के मेडिकल टेस्ट मुफ्त करेगी।
सूत्रों ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में दिल्ली सरकार द्वारा 212 तरह के मेडिकल टेस्ट नि:शुल्क किए जाते हैं। सरकार के सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अस्पतालों और मोहल्ला क्लीनिकों में 238 और जांचें मुफ्त करने के स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा दिल्ली के लोगों के लिए उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ”सभी को अच्छी गुणवत्ता वाला स्वास्थ्य और शिक्षा प्रदान करना, चाहे किसी की भी आर्थिक स्थिति कुछ भी हो, हमारा मिशन है। हेल्थकेयर महंगा हो गया है। बहुत से लोग निजी स्वास्थ्य सेवा का खर्च नहीं उठा सकते। इस कदम से ऐसे सभी लोगों को मदद मिलेगी।”







