कुल्लू । हिमाचल प्रदेश को विभिन्न योजनाओं के लिए मिलने वाला करोड़ों का बजट बारी-बारी कांग्रेस व भाजपा की जेब में जाता है। कांग्रेस और भाजपा पांच-पांच साल प्रदेश में राज कर करोड़ों का बजट डकार जाती हैं। प्रदेश में न स्कूल बने, न अस्पताल और डिस्पेंसरियां बनीं। भाजपा और कांग्रेस पर यह जुबानी हमला शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कुल्लू में तिरंगा रथ यात्रा के दौरान किया।
कॉलेज गेट से ढालपुर चौक तक निकाली गई 300 मीटर लंबी तिरंगा रथ यात्रा के दौरान केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे। मान विधानसभा सत्र बीच में छोड़कर कुल्लू पहुंचे थे। केजरीवाल ने रथ से ही मात्र आठ मिनट भाषण दिया। केजरीवाल ने कहा कि आज मजबूरी में लोग अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेजते हैं। हमने दिल्ली में सरकारी स्कूल शानदार बना दिए हैं, तो हिमाचल में भी अच्छे स्कूल बनने चाहिएं।
दिल्ली में निजी स्कूलों से लोग अपने बच्चों को निकालकर सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के लोगों से कहा कि शाम को अपने घर में अपने बच्चों की शक्ल देखना और खुद से पूछना कि हमारे बच्चों को कौन अच्छी शिक्षा दे सकता है। अगर भाजपा और कांग्रेस अच्छी शिक्षा दे सकती हैं, तो उनको वोट दे देना। अगर नहीं तो आप को वोट देना। उन्होंने कहा कि शिक्षा निशुल्क होनी चाहिए। पांच-पांच साल की बारी छोड़कर अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार मुक्त हिमाचल के लिए आम आदमी पार्टी को मौका दें।
दिल्ली में गरीब-अमीर का निशुल्क होता है इलाज
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में गरीब-अमीर सबका इलाज निशुल्क होता है। लोग कहते हैं केजरीवाल निशुल्क इलाज क्यों करता है, लेकिन निशुल्क इलाज करना पुण्य का काम है। उन्होंने पांच साल में 12 लाख युवाओं को नौकरी दी है ओर आने वाले पांच साल में 20 लाख युवाओं को नौकरी देंगे। इसके लिए दिल्ली सरकार ने एक रोडमैप तैयार किया है। हिमाचल में युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। हिमाचल की सरकार इनको नौकरी क्यों नहीं देेती है। देश का तिरंगा तब ऊंचा होगा, जब देश का हर बच्चा शिक्षित होगा।







