आशीष द्विवेदी
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक मदरसे में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में हुई। आरोपी जिसका नाम सद्दाम हुसैन बताया जा रहा है, एक मदरसा शिक्षक (मौलवी) है। उसने पढ़ाने के बहाने नाबालिग छात्रा को निशाना बनाया और उसके साथ बलात्कार किया। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया और आरोपी मौलवी को गिरफ्तार कर लिया। मामला पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत दर्ज किया गया है, जो नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराधों से संबंधित है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।
पढ़ाने के बहाने मदरसे में लाया
सर्किल ऑफिसर (सीओ) रूपाली राव ने बताया कि “पुलिस ने सद्दाम हुसैन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जिसके बाद उसे नई मंडी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।”
अधिकारी ने कहा कि “पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पीड़िता के परिवार द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार लड़की को कथित तौर पर पढ़ाने के बहाने मदरसे में लाया गया था और बाद में आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया है।”
यह घटना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है और सोशल मीडिया पर भी इसकी व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।







