प्रकाश मेहरा
एग्जीक्यूटिव एडिटर
हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार में एक दिल दहलाने वाला और रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक मां पर अपनी 13 साल की नाबालिग बेटी का अपने बॉयफ्रेंड और उसके दोस्तों से यौन शोषण कराने का गंभीर आरोप लगा है। यह महिला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुकी है। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता के पिता ने अपनी बेटी के गुमसुम रहने पर उससे बात की और बेटी ने अपनी मां की करतूत का खौफनाक सच बताया।
बॉयफ्रेंड सुमित पटवाल ने किया यौन शोषण
पीड़िता ने बताया कि “उसकी मां ने अपने बॉयफ्रेंड सुमित पटवाल और अन्य लोगों के साथ मिलकर उसका यौन शोषण कराया। यह शोषण कई बार विभिन्न जगहों पर हुआ, और कई मौकों पर मां स्वयं मौजूद रही। बेटी की आपबीती सुनने के बाद पिता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज की। पीड़िता के बयान और मेडिकल जांच में यौन शोषण की पुष्टि हुई।
हरिद्वार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रानीपुर थाने में मामला दर्ज किया। आरोपी मां और उसके बॉयफ्रेंड सुमित पटवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। मामले में पोक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
भाजपा की प्रतिक्रिया
मामले के सामने आने के बाद हरिद्वार भाजपा के जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने आरोपी महिला को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। बताया गया कि महिला को पहले ही निष्क्रियता के कारण पद से हटाया जा चुका था। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी महिला का अपने पति से लंबे समय से विवाद चल रहा था। पीड़िता पिछले एक महीने से अपने पिता के साथ रह रही थी, जिसके बाद पिता को बेटी के व्यवहार में बदलाव नजर आया और उसने सारी बात उजागर की।
मामले पर पुलिस ने क्या बताया ?
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने कहा कि मामला संज्ञान में आने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। पीड़िता के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर आरोप सही पाए गए हैं। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह मामला न केवल मां-बेटी के रिश्ते को कलंकित करता है, बल्कि समाज में नैतिकता और मानवीय मूल्यों पर भी सवाल उठाता है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है, और उम्मीद है कि पीड़िता को न्याय मिलेगा और दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।







