सोनीपत : सोनीपत के सेक्टर-12 के रहने वाले भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के मुख्य प्रबंधक को ब्लैकमेल कर 4.16 लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। मुख्य प्रबंधक के पास पहले अश्लील वीडियो कॉल की गई और फिर खुद को दिल्ली पुलिस का एसआई बता मामला सुलटाने के नाम पर वीडियो डिलीट कराने का दबाव डाला गया। सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड नहीं करने का झांसा देकर रुपये मांगे गए। रुपये देने के बाद भी ठग जब उनसे फिर से दो लाख रुपये देने की मांग करने लगे तो पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
सोनीपत में सेक्टर-12 में निवासी पीडि़त ने बताया कि वह भारतीय स्टेट बैंक कॉर्पोरेट सेंटर जयपुर में मुख्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। उनके पास 21 अगस्त को रात साढ़े आठ एक अश्लील वीडियो कॉल आई थी। जिसे उन्होंने डिलीट कर दिया। उसके बाद 22 अगस्त को उनके पास कॉल आई और कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का सब इंस्पेक्टर ऋषि कुमार शुक्ला बताया। उसने कहा कि आपके पास रात को एक वीडियो आई थी। जिस पर उन्होंने उसे बताया कि वीडियो को उन्होंने डिलीट कर दिया था। कॉल करने वाले ने उन्हें कहा कि उन्होंने आपका रिकॉर्ड खंगाल लिया है।
आप बुजुर्ग और समझदार हैं। अब आपका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होगा, जिससे बदनामी हो जाएगी। खुद को एसआई बताने वाले व्यक्ति ने कहा कि वीडियो को आपका परिवार, बच्चे देखेंगे तो क्या कहेंगे। वह आपको एक मोबाइल नंबर भेज रहे हैं। उस नंबर पर कॉल कर अपना वीडियो डिलीट करा लेना। वीडियो अपलोड होने में केवल 40 मिनट का ही समय बचा है। बैंक मैनेजर का कहना है कि उन्होंने जब दिए गए नंबर पर कॉल किया तो वहां से इसकी जुर्माना राशि 70 हजार रुपये मांगी गई। उन्होंने 70 हजार रुपये उनके दिए खाते में जमा करा दिए।
इसके बाद फिर से उन्हें कॉल आई और वह कहने लगे कि यह वीडियो तब डिलीट होगा जब सिक्योरिटी राशि जमा करा दी जाएगी। उन्हें झांसा दिया गया कि सिक्योरिटी राशि वापस कर दी जाएगी। जिसके बाद उन्हें किसी गोविंद वर्मा का खाता दिया गया। वह एचडीएफसी बैंक का था। उन्होंने उसमें 1,35,500 रुपये जमा करा दिए। उसके बाद खुद को एसआई बताकर कॉल करने वाले ऋषि कुमार शुक्ला ने उन्हें धमकी देकर उनसे 2.11 लाख रुपये और जमा करा लिए।
उसने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। वह परेशान जिसके चलते उन्होंने रुपये दिए थे। उसके बाद फिर से उन पर 2 लाख रुपये देने का दबाव बनाया जाने लगा। वह पहले ही 4,16,500 रुपये दे चुके थे। उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। जिस पर सेक्टर-27 थाना पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सोनीपत के गांव रसोई स्थित सेवानिवृत्त फौजी के घर से चोर उनकी डबल बैरल गन और छह हजार रुपये चोरी कर ले गए। वह रात को प्लॉट में किराए के लिए बनाए कमरों में जाकर सो गए थे। सुबह उठकर वह घर पहुंचे तो चोरी का पता लगा। उन्होंने मामले की शिकायत कुंडली थाना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव रसोई निवासी रणधीर सिंह ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह फौज से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने अपने गांव में प्लॉट के अंदर किराए के लिए कमरे बना रखे हैं। वह रात को अपने घर से जाकर किराए के लिए बनाई गई कॉलोनी में जाकर सो गए। वह सुबह उठकर जब अपने पर घर पहुंचे तो देखा कि सामान बिखरा पड़ा था।
उन्होंने जांच की तो घर के अंदर से उनकी 12 बोर की डबल बैरल गन और छह हजार रुपये की नकदी चोरी मिली। उन्होंने अपने स्तर पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। जिस पर उन्होंने कुंडली थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।







