अलीगढ़ : दिवाली पर वैसे तो नौकरी करने वालों को बोनस और कारोबारियों को बढ़िया धंधा होने की उम्मीद रहती है। लोगों के बैंक खाते इस त्योहार पर रोशन हो जाते हैं। लेकिन अलीगढ़ में एक व्यक्ति के साथ तो गजब ही हो गया है। वह अचानक ही करोड़पति बन गया। दिवाली के मौके पर उसके उसके दो बैंक खातों में दो दिनों में 4 करोड़ 78 लाख रुपये पहुंच गए। उसके पास रुपए आने का मैसेज गिरने लगा तो वह हैरान रह गया। बैंक खाता चेक किया तो उसमें पैसे भी आते दिखाई दिए।
इतनी बड़ी रकम खाते में देख वह हक्का-बक्का रह गया। जब उसने इसकी जानकारी बैंक के मैनेजर को दी तो वह भी हैरान रह गए। उसने स्थानीय पुलिस को भी मामले की जानकारी दे दी है। साइबर सेल भी जांच में जुट गई है। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चला है कि इतनी रकम आई कहां से है।
अलीगढ़ की ऊपर नगर कोतवाली इलाके के भुजपुरा निवासी असलम दिवाली के मौके पर अचानक दो दिन में करोड़पति बना है। असलम ने बताया कि उसके आईडीएफसी और यूको बैंक के दो अकाउंट में अचानक 4 करोड़ 78 लाख रुपये आ गए। इतनी बड़ी रकम देखकर वो हैरान रह गया।
असलम ने मामले की शिकायत संबंधित बैंक मैनेजर और इलाका पुलिस से की। असलम द्वारा दी गई डिटेल के अनुसार 11 व 12 नवंबर को उसके अकाउंट में रुपये आना शुरू हुए और लगातार आते ही चले गए। असलम ने बताया है कि उसके IDFC बैंक अकाउंट में रुपये आते हैं और यूको बैंक में ट्रांसफर हो जाते हैं। यही प्रक्रिया यूको बैंक से आईडीएफसी बैंक अकाउंट में हो रही है। बैंक डिटेल निकालने पर अलग-अलग अज्ञात अकाउंट से छोटी, बड़ी रकम ट्रांसफर हुई दिख रही है।
असलम ने पुलिस से भी इसे लेकर शिकायत की है। क्षेत्राधिकारी प्रथम अभय कुमार पांडे ने बताया कि नगर कोतवाली इलाके के भुजपुरा चौकी क्षेत्र निवासी असलम ने शिकायत की है कि उसके दो अकाउंट आईडीएफसी और यूको बैंक अकाउंट में अचानक से 4 करोड़ रुपये आ गए हैं। असलम की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। जांच के लिए साइबर टीम को लगा दिया गया है। बैंक से भी संपर्क किया गया है। शुरुआत में मामला टेक्निकल फॉल्ट का लग रहा है। फिलहाल, जल्द ही जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।







