नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही नया सख्त भू-कानून अस्तित्व में आएगा। इसके लिए जमीनी स्तर से सुझाव लिए जा रहे हैं। लोहाघाट में मल्लिकार्जुन स्कूल के नव निर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि सरकार ने भू-माफियाओं पर लगाम कसने का काम किया है।
लोहाघाट के बनगांव चिड़ियाढुंगा में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अलग प्रदेश बनने के बाद से बीते ढाई साल में सबसे अधिक 19 हजार युवाओं को नियुक्तियां दी गई हैं। बेरोजगारी दर में भी तेजी से गिरावट आई है। वर्तमान में सरकार बेरोजगारी दर को 13.40 फीसदी से 9.40 प्रतिशत पर लेकर आई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में रिक्त पड़े सरकारी पद शीघ्र भरे जाएंगे। समान नागरिक संहिता शीघ्र लागू की जाएगी। सरकार ने धर्मांतरण और दंगारोधी कानून लाकर प्रदेश में कानून व्यवस्था बहाल की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश विकास के मामले में आज देश भर में पहले पायदान पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर उत्तराखंड में हाउस ऑफ हिमालय का काम शुरू किया गया है। स्थानीय उत्पादों की बिक्री विदेश में होने से महिलाओं को स्वावलंबी बनने में मदद मिलेगी।
नई शिक्षा नीति लागू करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नई शिक्षा नीति को लागू करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य है। इससे छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ ही शोध और अनुसंधान को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने नकल माफिया पर लगाम लगाई है।
नकल विरोधी कानून में उम्रकैद और संपत्ति जब्त करने तक का प्रावधान किया गया है। अब तक सौ से अधिक नकल माफियाओं को जेल में डाला जा चुका है। इसी का असर है कि 2022 में हुई पीसीएस परीक्षा में प्रदेश के हर जिले से युवाओं का चयन हुआ है।







