भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार सुबह से ही तनाव और आक्रोश का माहौल है. धोती-कुर्ता पहने सैकड़ों पंडित और ब्राह्मण समाज के लोग सड़कों पर उतर आए हैं.
इनका गुस्सा ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर है. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फिल्म में ब्राह्मणों का अपमान किया गया है और उन्हें गलत तरीके से चित्रित किया गया है.
शांतिपूर्ण पूजा-पाठ करने वाले पंडितों ने आज भगवान परशुराम का प्रतीक ‘फरसा’ उठाकर अपना विरोध दर्ज कराया. मध्य प्रदेश ब्राह्मण समाज ने सरकार और फिल्म निर्माताओं को चेतावनी दी है कि फिल्म को तत्काल ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाया जाए.
प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के निर्माताओं और कलाकारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. उनका कहना है कि ‘घूसखोर’ शब्द के साथ ‘पंडत’ जोड़ना पूरे समाज की छवि खराब करने की कोशिश है. हाथों में पोस्टर लिए प्रदर्शनकारियों ने एक्टर मनोज बाजपेयी और नीरज पांडे को ‘नकली ब्राह्मण’ बताते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की.
प्रदर्शन के कारण आज भोपाल सहित प्रदेश के कई हिस्सों में धार्मिक गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, वे अपना विरोध जारी रखेंगे. कई पंडितों ने आज सामूहिक रूप से हवन-पूजन का त्याग कर विरोध में शामिल होने का फैसला किया है.






