देहरादून : उत्तराखंड चार धाम यात्रा शुरू होने से पहले ही ठगों ने अपना जाल बिछाना शुरू कर दिया है। ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर ठग लोगों को लाखों रुपयों का चूना लगा रहे हैं। चिंता की बात है कि दिल्ली-एनसीआर, यूपी सहित देश के विभिन्न राज्यों से धाम पहुंचने पर उनको ठगी का एहसास हो पाता है। ठगी का मामला सामने आने के बाद दर्शन करने तो दूर उनकी चार धाम यात्रा का शेड्यूल तक बिगड़ जाता है।
चार धाम यात्रा शुरू होते ही हेली टिकट बुकिंग के लिए फिर ठगी शुरू हो गई है। केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम ठग ज्यादा सक्रिय हैं। साइबर ठग हेली बुकिंग के साथ ही वीवीआईपी दर्शन और स्पेशल पूजा का झांसा देकर लोगों को चूना लगा रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में ऐसी आठ फर्जी साइटों को साइबर क्राइम स्टेशन पुलिस ने बंद कराया है।
एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि केदारनाथ के लिए हेली बुकिंग के नाम पर ठगी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि लोगों को बुकिंग करते वक्त सचेत रहने की जरूरत है। हेली टिकट बुकिंग के लिए सरकार ने केवल आईआरसीटीसी को अधिकृत किया हुआ है। लोग https://www.heliyatra.irctc.co.in/ पर जाकर टिकट बुक कराएं।
इस साइट पर बीते आठ अप्रैल से बुकिंग शुरू हो चुकी है। इस पर टिकट उपलब्ध नहीं तो समझ की टिकट फुल हो गए हैं। अन्य किसी भी साइट पर केदारनाथ हेली बुकिंग के लिए संपर्क न करें। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के सीओ अंकुश मिश्रा ने बताया कि साइबर ठग केदारनाथ हेली बुकिंग के नाम पर लगातार साइट बनाने के साथ सोशल मीडिया पोर्टल पर अपनी पोस्ट डाल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि तीन दिन के भीतर साइबर ठगों की तरफ से यात्रा बुकिंग का झांसा देकर ठगी के लिए बनाई गई आठ वेबसाइट ब्लॉक कराई गई हैं। बता दें कि पिछले साल भी साइबर ठगों ने इस तरह देशभर के दर्जनों लोगों को चूना लगाया था। कई लोग बुकिंग कराने के बाद उनके दिए टिकट लेकर हेलीपेड पर पहुंचे तो टिकट के फर्जी होने का पता लगा। ऐसे में वह यात्रा भी नहीं कर पाए।
फर्जी हेली बुकिंग साइट या पोस्ट को करें रिपोर्ट
एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि जनता को कोई भी फर्जी हेली सेवा वेबसाईट, मोबाईल नंबर, लिंक आदि की जानकारी मिले तो उसे एसटीएफ के साथ साझा करें। एसटीएफ को मोबाइल नंबर 9456591505 और 9412080875 पर जानकारी व्हाट्सएप कर दी जा सकती है।
ये फर्जी वेबसाइट कराई गई बंद
1. https://www.helicopterticketbooking.in/
2. https://radheheliservices.online
3. https://kedarnathticketbooking.co.in/
4. https://heliyatrairtc.co.in/
5. https://kedarnathtravel.in/
6. https://instanthelibooking.in
7. https://kedarnathticketbooking.in/
8. https://kedarnathheliticketbooking.in/







