मेरठ: फोन पर सोलर प्लांट की स्कीम बताने के बहाने युवती ने युवक को हनी ट्रैप में फंसा लिया। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की मदद से पीड़ित के न्यूड वीडियो और फोटो बनाकर 32,500 रुपये वसूल लिए। रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर सदर बाजार पुलिस आरोपी युवती को तलाश कर रही है।
सदर बाजार क्षेत्र निवासी गौरव ने थाने में दी तहरीर में बताया कि कई दिन से उसके व्हाट्सएप नंबर पर अनजान नंबर से कॉल आ रही थी। कई बार उसने नजरअंदाज किया, लेकिन जब लगातार कॉल आने लगी तो उसने बात की। दूसरी तरफ से कोई युवती बात कर रही थी। वह सोलर प्लांट की स्कीम के बारे में समझाने लगी। पीड़ित के मुताबिक पहले उसने स्कीम में कोई रुचि नहीं ली। बाद में युवती ने उससे दोस्ती कर ली।
इसके बाद युवती लगातार उससे व्हाट्सएप और वीडियो कॉल पर बात करने लगी। इस दौरान युवती ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की मदद से उसकी न्यूड वीडियो और फोटो बना ली। युवती ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। रुपये न देने पर वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी देने लगी। युवती के कहने पर पीड़ित ने शुरुआत में दो हजार रुपये अपने भाई के अकांउट से ट्रांसफर किए। इसके बाद भी युवती ने उसके फोटो और वीडियो डिलीट नहीं किए और 10 हजार रुपये मांगने लगी।
पीड़ित ने फिर से अपने भाई के अकाउंट से पहले एक हजार रुपये और फिर पांच हजार रुपये ट्रांसफर किए। रुपये लेकर भी युवती उसे फोटो, वीडियो वायरल करने की लगातार धमकी देती रही। भाई और अपने दोस्तों के अकाउंट से पीड़ित ने आरोपी के बताए अलग-अलग खातों में कुल 32,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि अभी भी युवती उसे लगातार व्हाट्सएप कॉल कर परेशान कर रही है।
रुपये वापस मांगने पर दिलाती है धमकी
वह जब भी अपने रुपये लौटाने के लिए कहता है तो युवती किसी बदमाश से फोन पर जान से मारने की धमकी दिलवाती है और गाली-गलौज करती है। बदनामी के डर से वह काफी दिन तक शिकायत नहीं कर पाया, लेकिन जब आरोपियों ने लगातार उसे परेशान करना जारी रखा तो पुलिस के पास पहुंचा।
सीओ कैंट संतोष कुमार सिंह ने बताया कि हनी ट्रैप के साथ ही साइबर क्राइम का भी मामला है। शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। रकम जिन खातों में ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।







