विकाश शुक्ला
उमरिया। जिले के करकेली जनपद स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरहा में गणतंत्र दिवस पर वितरित किया गया भोजन बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन गया। गणतंत्र दिवस में हलुआ-पूड़ी और बूंदी के लड्डू खाने के बाद 26 छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। बुधवार को स्कूल पहुंचते ही एक-एक कर छात्रों की हालत खराब होने लगी, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रात में बिगड़ी तबीयत, स्कूल आते ही हालत ज्यादा खराब
बीमार छात्रों ने बताया कि राष्ट्रीय पर्व के दिन भोजन करने के बाद ही रात में उल्टी और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई थी। बावजूद इसके छात्र बुधवार को स्कूल पहुंचे, लेकिन यहां उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। तत्काल शिक्षकों की सूचना पर सभी बीमार छात्रों को घुलघुली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

5 छात्रों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद 5 छात्रों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला चिकित्सालय उमरिया भेजा गया, जहां उपचार जारी है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि चिकित्सकों द्वारा उपचारित छात्राओं की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य बताई गई। घुलघुली स्वास्थ्य केंद्र में उपचारित शेष छात्रों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
प्रशासन की सफाई, ठंड को बताया कारण
जिला शिक्षा अधिकारी रीझन सिंह मरावी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में उपचारित सभी छात्र अब स्वस्थ हैं, और जिला अस्पताल में भर्ती छात्रों की हालत में भी सुधार है। उन्होंने दावा किया कि ठंड की वजह से बुखार आने के कारण छात्रों की तबीयत बिगड़ी हो सकती है।
भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल
हालांकि एक साथ बड़ी संख्या में छात्रों के बीमार पड़ने से स्कूलों में भोजन वितरण व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि ठंड ही वजह थी, तो एक ही विद्यालय के इतने छात्र एक साथ कैसे प्रभावित हुए। इस पर प्रशासन की चुप्पी कई सवाल छोड़ गई है।







