नई दिल्ली : देश में ऑनलाइन स्कैम के मामले बढ़ते जा रहे हैं। स्कैमर्स ठगी के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब पुणे के एक 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। इंजीनियर के साथ कूरियर स्कैम हुआ है, जिसमें उसके साथ लगभग 5 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया है। चलिए जानते हैं पूरा मामला।
कूरियर स्कैम में लगी लाखों की चपत
27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ ठगी के लिए जालसाजों ने उसके आधार डिटेल का इस्तेमाल किया गया है। यह घटना सोमवार को सामने आई, जब पीड़ित को सुबह लगभग 10:30 बजे एक अज्ञात नंबर से एक स्पैम कॉल आया। पीड़ित को कहा गया कि वह गैरकानूनी शिपमेंट में शामिल है और उसके ऊपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कॉल करने वाले ने दावा किया कि पीड़ित के आधार क्रेडेंशियल्स के तहत मोबाइल हैंडसेट और पासपोर्ट वाला एक कूरियर ताइवान भेजा गया था। गैरकानूनी शिपमेंट के लिए व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी गई।
कार्रवाई को असली दिखाने के लिए जालसाज ने चालाकी से पीड़ित को साइबर अपराध विभाग के कथित पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) से कनेक्ट करने का निर्देश दिया। पीड़ित को इस नकली ‘डीसीपी’ के साथ वीडियो कॉल करने के लिए मजबूर किया गया, जिससे उसका डर और बढ़ गया।
कानूनी कार्रवाई के डर से और स्थिति को हल करने के लिए पीड़ित ने स्कैमर्स की बात मान ली। पीड़ित ने जालसाजों द्वारा बताए गए दो अलग-अलग बैंक अकाउंट में 4.7 लाख रुपये की बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी। हालांकि, बाद में व्यक्ति को स्कैम का अंदेशा हुआ और उसने इसकी जानकारी पुणे पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही पुणे पुलिस हरकत में आ गई और एक अकाउंट जिसमें 3 लाख रुपये जमा किए थे, को फ्रीज करने में कामयाब रही।
ये है बचने का तरीका
ऑनलाइन काम के लिए फर्जी वेबसाइट का इस्तेमाल आपको बड़ी चपत लगवा सकता है। साथ ही स्पैम कॉल से भी सावधान रहें। किसी अनजान कॉल और मैसेज पर भरोसा न करें। कॉल पर किसी को भी अपनी बैंकिंग डिटेल्स और पर्सनल जानकारी न शेयर करें। धमकी भरे कॉल होने या कुछ भी गलत लगने पर तुरंत पुलिस को जानकारी दें। किसी को भी बिना सोचे समझे या डर में पैसा ट्रांसफर भी न करें।







