देहरादून : देहरादून के विकासनगर क्षेत्र के सेलाकुंई में स्थित प्रतिष्ठित कॉलेज में देर रात जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज के गेट से लेकर मुख्य परिसर में जमकर बवाल काटा। आरोप है कि कुछ जूनियर छात्रों के साथ रेंगिंग और अभद्रता की गई है। जिसके बाद कॉलेज में जमकर बवाल हुआ। हंगामा करने वाले छात्रों का आरोप है कि प्रबंधन ने इस मामले में दोनों पक्षों पर कार्रवाई की। आरोप है कि कॉलेज की अनुशासन समिति ने आरोपी छात्रों और पीड़ित बच्चों पर भी कार्रवाई की है।
जिसके बाद से कॉलेज में पीड़ित पक्ष और जूनियर बच्चों के समर्थन में आए छात्रों ने जमकर हंगामा किया। वायरल वीडियो में छात्र कॉलेज के गेट पर तोड़फोड़ करते हुए नजर आ रहे हैं। इसके बाद कॉलेज कैंपस में भी हंगामा और तोड़फोड करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के संज्ञान में वायरल वीडियो का मामला आने के बाद हंडकंप मच गया है। बताया जा रहा है कि प्रबंधन समिति इस मामले में आरोपी छात्रों पर कार्रवाई करने की बात कर रही है।
लेकिन अब तक इस मामले में किसी के खिलाफ पुलिस को शिकायत नहीं मिली है। ऐसे में पुलिस अपने स्तर से जांच में जुटी है। वहीं कुछ लोगों का आरोप है कि कॉलेज में ये मामला कई दिनों से चल रहा है। लेकिन रेगिंग का मामला होने की वजह से कोई कुछ भी कहने से बचता हुआ नजर आ रहा है।







