नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की सीरीज का चौथा टेस्ट मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेला जाना है। यह बॉक्सिंग डे टेस्ट होगा, जो 26 दिसंबर से खेला जाना है। पहले तीन टेस्ट मैचों के बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 1-1 की बराबरी पर है और बॉक्सिंग टेस्ट अगर भारत जीतता है, तो यह तय हो जाएगा कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी उसी के कब्जे में रहेगी। हालांकि भारत के लिए मेलबर्न के बाद सिडनी टेस्ट जीतना भी बहुत जरूरी है, क्योंकि अगर भारत यह दोनों टेस्ट जीतता है तो आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में उसका खेलना तय हो जाएगा।
अगर भारत दोनों टेस्ट जीत लेता है, तो उसका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना तय हो जाएगा, ऐसे में बचे हुए दोनों टेस्ट मैच अब करो या मरो वाले हैं। मेलबर्न में टीम इंडिया को उम्मीद होगी कि विराट कोहली अपना पुराना जादू दिखाएं और उनके बैट से जमकर रन निकलें। यह मैदान विराट को काफी रास आता है और कोई भी फॉर्मेट हो, इस मैदान पर विराट ने भारत के लिए कुछ मैच विनिंग पारियां खेली हैं।
ओवरऑल बात करें तो विराट ने इस मैदान पर कुल 14 मैचों की 16 पारियों में 54.71 की औसत से 766 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। अब चलिए बात करते हैं, टेस्ट में विराट के इस मैदान पर प्रदर्शन की। विराट ने पहली बार 2011 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इस मैदान पर टेस्ट में बैटिंग की थी, और तब वह एक पारी में 11 रन बनाकर, तो वहीं एक पारी में बिना खाता खोले आउट हो गए थे, लेकिन 2014 में विराट ने तबाही मचा डाली।
पहली पारी में 169 रन बनाने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में 54 रन ठोके थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह टेस्ट ड्रॉ कराने में विराट का रोल काफी अहम रहा था। इसके बाद 2018 में जब कप्तान के तौर पर विराट ने इस मैदान पर बैटिंग की तो उन्होंने 82 रनों की पारी खेली थी और भारत ने वह टेस्ट मैच 137 रनों से जीता था। तीन टेस्ट मैचों में विराट ने इस मैदान पर 52.66 की औसत से कुल 316 रन बनाए हैं।
वनडे इंटरनेशनल में विराट कोहली ने इस मैदान पर कुल छह मैच खेले हैं, छह पारियों में विराट ने 42 की औसत से कुल 252 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक शामिल है। अब बात करते हैं टी20 इंटरनेशनल की, तो जो एक पारी सबसे पहले जहन में आती है, वह है 2022 टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई नॉटआउट 82 रनों की पारी। विराट ने पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली थी। टी20 इंटरनेशनल में विराट ने इस मैदान पर पांच मैचों में 99 की औसत से कुल 198 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 146.66 का रहा है।







