प्रकाश मेहरा
एग्जीक्यूटिव एडिटर
नई दिल्ली: देश के प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार गांधी–वाड्रा में जल्द ही खुशियों की शहनाई गूंजने वाली है। कांग्रेस महासचिव और केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रेहान अपनी लंबे समय से साथी रहीं अवीवा के साथ जल्द सगाई करने जा रहे हैं।
कहां होगा सगाई का कार्यक्रम !
इसी बीच मंगलवार को गांधी परिवार के राजस्थान के सवाई माधोपुर पहुंचने की खबर सामने आई है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सगाई का कार्यक्रम यहीं आयोजित किया जाएगा या नहीं, लेकिन सूत्रों के अनुसार गांधी–वाड्रा परिवार रणथंभौर में पारिवारिक कार्यक्रमों के तहत नए साल का जश्न मनाने पहुंचा है। ऐसे में इस दौरे को पारिवारिक समारोहों से जोड़कर देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रेहान वाड्रा और अवीवा पिछले सात वर्षों से रिलेशनशिप में हैं। हाल ही में रेहान ने अवीवा को शादी के लिए प्रपोज किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और शादी के इस रिश्ते को दोनों पक्षों की सहमति मिल गई।
सगाई की तैयारियां शुरू होने की खबर
परिवार की मंजूरी के बाद अब सगाई की तैयारियां शुरू होने की खबर है। हालांकि, गांधी–वाड्रा परिवार की ओर से अब तक सगाई की तारीख और स्थान को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिर भी, राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में इस खुशखबरी को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। आने वाले दिनों में इस बहुचर्चित सगाई को लेकर औपचारिक जानकारी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।







