नई दिल्ली: भारत के 77वें गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हर साल की तरह भव्य परेड होगी. इस परेड में शामिल होने वालों के लिए दिल्ली मेट्रो खास सुविधा देने जा रहा है. दरअसल, ऐसा पहली बार हो रहा है जब परेड के निमंत्रण पत्र के साथ आने-जाने के लिए मेट्रो का फ्री टिकट भी दिया गया है. साथ ही, 26 जनवरी को मेट्रो सेवा तड़के 3.00 बजे से शुरू हो जाएगी.
दिल्ली में 23 जनवरी को होने वाले ‘फुल ड्रेस रिहर्सल’ और गणतंत्र दिवस के दौरान कुछ मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास प्रतिबंधित रहेगा. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के बयान के अनुसार, दोनों दिन केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन (गेट 3 और 4), उद्योग भवन (गेट 1), लाल किला (गेट 3 और 4) और जामा मस्जिद (गेट 3 और 4) पर प्रवेश या निकास प्रतिबंधित रहेगा.
दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन के गेट 1, 4 और 5 पर प्रवेश और निकास बंद रहेगा, जबकि आईटीओ मेट्रो स्टेशन के गेट 3, 4 और 6 पर प्रतिबंध लागू रहेंगे.
मेट्रो शेड्यूल के हिसाब से करें प्लानिंग
डीएमआरसी ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड के अभ्यास और मुख्य परेड के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए ये उपाय किए गए हैं और यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बनाएं.
डीएमआरसी ने यात्रियों से स्टेशनों पर की जाने वाली घोषणाओं और आधिकारिक चैनल पर मिलने वाली जानकारियों का पालन करने का आग्रह किया. साथ ही कहा कि सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मेट्रो नेटवर्क के अन्य हिस्सों पर सेवाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होंगी.
रोजाना सुबह 5 बजे से चलती है दिल्ली मेट्रो
जानकारी के लिए बता दें कि आमतौर पर दिल्ली मेट्रो रोजाना सुबह 5.00 बजे से रात 11.30 बजे तक चलती है. हालांकि, पहली और आखिरी ट्रेन का समय अलग-अलग लाइन और स्टेशन के हिसाब से अलग-अलग होता है. एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सुबह 4:45 बजे शुरू हो जाती है, जबकि कुछ लाइनों पर रविवार को सेवा देर से (लगभग 6 बजे) से मिलती है.







