नई दिल्ली. 2 साल से पैन और आधार को लिंक कराने की बात की जा रही है, लेकिन अभी तक करोड़ों पैन धारकों ने अपना आधार लिंक नहीं किया है. ऐसे लोगों को लगता है कि यह एक फालतू काम है तो उन्हें इनकम टैक्स विभाग (Income Tax Department) की यह वॉर्निंग जरूर देखनी चाहिए. विभाग ने अभी तक तो रिक्वेस्ट किया था, लेकिन अब इसे लेकर चेतावनी जारी है. विभाग ने साफ कहा है कि अगर 30 जून तक पैन और आधार को लिंक (Pan-Aadhaar Link Deadline) नहीं कराया तो कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
इनकम टैक्स विभाग ने कहा है कि अगर आपने 30 जून, 2023 तक अपना पैन और आधार लिंक नहीं कराया तो सबसे पहले आपका पैन कार्ड इनऑपरेटिव यानी बेकार हो जाएगा. इसका मतलब है कि आप जहां भी पैन की जरूरत होती है, वहां अपना पैन इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे. इसके साथ ही आयकर एक्ट के तहत कई काम बिना पैन के रुक जाएंगे.
…फिर ढीली करनी होगी जेब
इनकम टैक्स विभाग ने कहा है कि अगर पैन और आधार तय समय तक लिंक नहीं हुआ तो 1 जुलाई से इसके नुकसान दिखने शुरू हो जाएंगे. ऐसा तब तक रहेगा जब तक आप दोबारा अपने पैन कार्ड को ऑपरेटिव नहीं करवा लेते हैं. इस काम के लिए आपको पैसे भी देने पड़ेंगे. इसका मतलब हुआ कि अगर इनऑपरेटिव हो चुके पैन को दोबारा एक्टिव कराते हैं तो 1000 रुपये की फीस भरनी होगी. यही वजह है कि विभाग लगातार चेतावनी दे रहा है कि पैन और आधार को जोड़ लिया जाजाए.l
कैसे चेक करें अपना स्टेटस
- सबसे पहले इनकम टैक्स की ऑफिशियल साइट ई-फाइलिंग वेबसाइट पर जाएं.
- इसमें 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें.
- फिर नीचे दिया गया कैप्चा कोड डालकर सबमिट कर दें.
- स्क्रीन पर आपको पैन कार्ड के लिंक होने का स्टेटस मिल जाएगा.
इसके अलावा आप UIDPAN-12 अंकों का आधार नंबर-10 अंकों का पैन नंबर लिखकर 567678 या 56161 पर एसएमएस भेजकर भी अपने पैन और आधार के लिंक होने का स्टेटस जान सकते हैं. मैसेज भेजने के थोड़ी देर बाद आपकी स्टेटस की रिपोर्ट भी एसएमएस के जरिये मिल जाएगी.







