नई दिल्ली। भारतीय फैंस को आईपीएल के शुरू होने का इंतजार काफी समय से है, अगले कुछ दिन में इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज भी होने वाला है। सभी टीमें इसके लिए तैयारी में जुट गई हैं और खिलाड़ी भी हर दिन अपनी-अपनी टीम से जुड़ रहे हैं। आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स सबसे सफल टीमें हैं। दोनों फ्रेंचाइजी ने 5-5 बार ट्रॉफी अपने नाम की है।
हालांकि मुंबई इंडियंस की टीम जीत हासिल करने के मामले में चेन्नई से आगे है। मुंबई ने अब तक आईपीएल में 150 से ज्यादा मैच जीत लिए हैं। हालांकि यहां हम आपको उन टीमों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच गंवाए हैं। इसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का भी नाम शामिल है।
किस टीम ने गंवाए सबसे ज्यादा मैच
आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच गंवाने का रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स की टीम के नाम है। दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल में 267 मैच खेले हैं और इसमें से 119 मैचों में जीत दर्ज की है। हालांकि टीम आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच हारने वाली फ्रेंचाइजी है। दिल्ली कैपिटल्स ने 267 मैचों में से 141 मुकाबले गंवाए हैं। दिल्ली आईपीएल में सबसे ज्यादा कप्तान बदलने वाली दूसरी टीम है। दिल्ली ने अब तक कुल 14 कप्तान बनाए हैं।
पंजाब किंग्स दूसरे नंबर पर
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पंजाब किंग्स की टीम है, जिसके नाम आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा बार कप्तान बदलने का रिकॉर्ड है। पंजाब किंग्स ने आईपीएल में कुल 263 मैच खेले हैं, जिसमें से टीम ने 119 मैच जीते हैं, जबकि 139 मुकाबलों में हार का मुंह देखा है। दिल्ली की तरह पंजाब की टीम भी खिताब जीतने की कोशिश में लगी हुई है। आगामी सीजन में श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स की कमान संभालेंगे, जिन्होंने पिछले सीजन टीम को फाइनल तक पहुंचाया था।
डिफेंडिंग चैंपियन RCB ने गंवाए इतने मैच
पिछले सीजन आईपीएल का खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने भी काफी मुकाबले गंवाए हैं। बेंगलुरु ने आईपीएल में कुल 272 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 132 मैचों में टीम को जीत मिली है। हालांकि टीम ने 133 मुकाबले गंवाए भी हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम पिछले सीजन ट्रॉफी जीतकर उन चुनिदा टीमों की लिस्ट में शामिल हुई, जिसने आईपीएल का खिताब जीता है। बेंगलुरु की टीम इस बार भी रजत पाटीदार के नेतृत्व में खेलने उतरेगी।
3 बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स
कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। कोलकाता तीन बार की चैंपियन टीम भी है। कोलकाता ने आईपीएल में 269 मैच खेले हैं और 135 मैचों में जीत दर्ज की है। केकेआर ने अब तक आईपीएल में 127 मैच गंवाए हैं। कोलकाता इस बार अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में खेलने के लिए तैयार है। पिछले सीजन कोलकाता उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी थी। मुंबई और चेन्नई के अलावा कोलकाता भी कई बार ट्रॉफी जीतने वाली टीम है।
मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस की टीम भी सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीमों में से एक है। मुंबई भले ही आईपीएल के इतिहास में सबसे पहले पांच बार खिताब जीतने वाली टीम है लेकिन उसके खाते में भी कई मैचों में हार है। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में 278 मैच खेलते हुए 122 गंवाए हैं, जबकि 151 मैचों में जीत दर्ज की है। मुंबई आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम भी है। आईपीएल 2026 में मुंबई की टीम हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में खेलेगी, हालांकि पिछले कुछ सीजन टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।







