नई दिल्ली। आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज शनिवार से होने वाला है। पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। बेंगलुरु की टीम ने पिछले साल आईपीएल ट्रॉफी जीती है, ऐसे में टीम पर अपने दबदबे को बनाए रखने का प्रेशर होगा। वहीं आईपीएल में अब तक कुल 100 से ज्यादा शतक लग चुके हैं और आगामी सीजन में भी फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों से शतक का इंतजार कर रहे होंगे। आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नाम है। पिछले सीजन की बात करें तो टीमों ने कुल नौ शतक लगाए थे।
आईपीएल के आगामी सीजन में एक बार फिर रनों का अंबार देखने को मिल सकता है क्योंकि हाल ही में कुछ टीमों ने अपने प्रैक्टिस मैच में 200 से अधिक के स्कोर बनाए हैं और इस वजह से गेंदबाजों के लिए ये सीजन काफी मुश्किल होने वाला है। यहां हम आपको उन टीमों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक शतक ठोके हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
टी20 क्रिकेट में शतक लगाना किसी भी बल्लेबाज के लिए एक यादगार पल होता है और जब बात एक टीम के तौर पर सबसे ज्यादा शतकों की आती है तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम लिस्ट में सबसे आगे है। बेंगलुरु की टीम ने आईपीएल में कुल 19 शतक लगाए हैं, जिसमें से आठ शतक विराट कोहली के नाम हैं।
राजस्थान रॉयल्स
आईपीएल के पहले सीजन में चैंपियन बनने वाली राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल में बतौर टीम शतक लगाने के मामले में दूसरे पायदान पर है। टीम ने कुल 18 शतक लगाए हैं। राजस्थान का हिस्सा रहे जोस बटलर ने टीम के लिए सात शतक लगाए हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन बल्लेबाजों ने भी 2-2 शतक जड़े हैं।
पंजाब किंग्स
आईपीएल में पहली ट्रॉफी की तलाश में लगी हुई पंजाब किंग्स का शतकों के मामले में रिकॉर्ड अच्छा रहा है। टीम की ओर से आईपीएल में कुल 16 शतक लगे हैं। पंजाब के लिए सबसे ज्यादा शतक केएल राहुल, हाशिम अमला ने लगाया है। पंजाब के लिए कुल 14 अलग-अलग खिलाड़ियों ने शतक जड़े हैं।
दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली की टीम ने आईपीएल में 11 शतक मारे हैं। डेविड वॉर्नर, शिखर धवन और ऋषभ पंत ने टीम के लिए ज्यादातर शतक जड़े हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स
पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स बतौर टीम सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में पांचवें नंबर पर है। टीम ने कुल 10 शतक मारे हैं। ऋतुराज गायकवाड़ टीम के दो शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज है। दिलचस्प बात ये है कि सबसे लंबे समय तक टीम के लिए खेलने वाले एमएस धोनी के नाम एक भी शतक नहीं है।






