नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग का सीजन जब खत्म होता है, तब ऑरेंज कैप और पर्पल कैप जैसे अवॉर्ड दिए जाते हैं. छक्के और चौके लगाने के लिए भी खिलाड़ियों को अवॉर्ड मिलता है और यहां हम विशेष रूप से वह लिस्ट आपके सामने रख रहे हैं, जिसमें वे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने अब तक IPL 2026 में सबसे ज्यादा चौके और छक्के लगाए हैं.
IPL 2026 में सबसे ज्यादा छक्के
आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में वैभव सूर्यवंशी और समीर रिजवी संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं. दोनों ने अब तक 11-11 छक्के लगाए हैं. मुंबई इंडियंस के रायन रिकल्टन ने सीजन में 100 रन भी पूरे नहीं की हैं, लेकिन 9 छक्के जरूर लगा चुके हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड, दोनों के नाम 9-9 सिक्स हैं.
- 11 छक्के – समीर रिजवी (DC)
- 11 छक्के – वैभव सूर्यवंशी (RR)
- 9 छक्के – रायन रिकल्टन (MI)
- 9 छक्के – टिम डेविड (RCB)
- 9 छक्के – रजत पाटीदार (RCB)
- 8 छक्के – यशस्वी जायसवाल (RR)
- 8 छक्के – अजिंक्य रहाणे (KKR)
IPL 2026 में सबसे ज्यादा चौके
IPL 2026 में अब तक सबसे अधिक चौके राजस्थान रॉयल्स के यशस्वी जायसवाल के नाम हैं, जिन्होंने 19 चौके लगाए हैं. आमतौर पर चौकों की लिस्ट में विराट कोहली भी शामिल होते हैं, लेकिन उनका नाम तो टॉप-20 में भी नहीं है. दूसरे नंबर पर KKR के अंगकृष रघुवंशी हैं, जिन्होंने 17 बार बाउंड्री को भेदा है. चेन्नई सुपर किंग्स के सरफराज खान ने अब तक सीजन में 99 रन बनाए हैं, लेकिन उनका चौकों का अनुपात बहुत अधिक है. 99 में से उनके 64 रन केवल चौकों से आए हैं.
IPL 2025 की ऑरेंज कैप जीतने वाले साई सुदर्शन ने नए सीजन में भी अपनी लय को बरकरार रखा है. उन्होंने और कोलकाता नाइट राइडर्स के फिन एलन, दोनों के नाम 13-13 चौके हैं. ऑरेंज कैप की रेस में शामिल दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी के नाम अभी 12 चौके हैं.
- 19 चौके – यशस्वी जायसवाल (RR)
- 17 चौके – अंगकृष रघुवंशी (KKR)
- 16 चौके – सरफराज खान (CSK)
- 13 चौके – साई सुदर्शन (GT)
- 13 चौके – फिन एलन (KKR)
- 12 चौके – समीर रिजवी (DC)
- 12 चौके – देवदत्त पडिक्कल (RCB)
जो बल्लेबाज पूरे सीजन में सबसे ज्यादा चौके लगाता है उसे सम्मानित किया जाता है. आईपीएल 2025 में सबसे ज्यादा चौके साई सुदर्शन के नाम थे, जिन्होंने पूरे सीजन में कुल 88 चौके लगाए थे. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 10 लाख रुपये का इनाम अलग से मिला था.







