शिमला: 3 राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त का असर दूसरे राज्यों की राजनीति पर भी पड़ रहा है. हिमाचल प्रदेश में बीजेपी और प्रदेश की कांग्रेस सरकार के बीच तल्खी बढ़ गई है. दरअसल हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के उस आरोप पर पलटवार किया है, जिसमें जयराम ठाकुर ने कहा था कि पिछले साल हिमाचल प्रदे में हुए चुनाव में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हुए महादेव ऐप घोटाले के पैसों का इस्तेमाल किया था.
बीजेपी नेता जयराम ठाकुर के इस आरोप का जवाब देते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नेता को इस तरह के आधारहीन बयान देना शोभा नहीं देता है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कुछ है तो बीजेपी इसकी जांच करा ले क्यों कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) दोनों ही दोनों केंद्र सरकार के अधीन हैं और केंद्र में तो बीजेपी की सरकार है.
‘बेगानी शादी में नाच रहे हैं जयराम ठाकुर’
इसके साथ ही मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ये भी कहा कि हिमाचल प्रदेश में साल 2022 में चुनाव हुए थे, जहां से राज्य की जनता ने बीजेपी को बेदखल कर दिया था. ऐसे में जयराम ठाकुर को ये इस पर विचार करना चाहिए कि आखिर उनकी पार्टी को राज्य की सत्ता से बाहर क्यों हुई थी. उन्हें पहले अपने प्रदेश के नतीजे पर गौर करना चाहिए. मंत्री ने कहा कि दूसरे राज्यों की जीत में जयराम ठाकुर खुश हो रहे हैं, बेगानी शादी में वो नाच रहे हैं. परिणाम कहीं और आए हैं नाटी यहां लगा रहे हैं. मंत्री ने तंज भरे लहजे में कहा कि यूं ही जयराम ठाकुर को नाटी किंग नहीं कहा जाता है, उन्हें जहां मौका मिलता है वो हर जगह नाटी लगाने लग जाते हैं.
‘आपदा के समय राजनीतिक कर रही थी बीजेपी’ मंत्री विक्रमादित्य यहीं नहीं रुके उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि जब राज्य में आपदा आई थी उस समय बीजेपी ने प्रदेश सरकार की कोई मदद नहीं की थी न ही सरकार का साथ दिया था. उन्होंने कहा कि आपदा के समय भी बीजेपी राजनीति कर रही थी. मंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर को ऐसे तथ्यहीन बयानबाजी से बचकर अपने पद की गरिमा बनाए रखना चाहिए.
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर लगाया था आरोप
आपको बता दें कि जयराम ठाकुर ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की हार के बाद महादेव ऐप घोटाले को लेकर भूपेश बघेल पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था कि ऐसे आरोप हैं कि भूपेश बघेल ने हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के अभियान में महादेव ऐप घोटाले के जरिए से प्राप्त धन का इस्तेमाल किया ता. उन्होंने कहा था कि जांच की जा रही है जिसके बाद सच्चाई सामने आ जाएगी.







