शिमला : देशभर में टमाटर की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है। इसे लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा था। अब भाजपा ने एक दूसरा वीडियो शेयर कर कांग्रेस पर अटैक किया है। बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें देखा जा सकता है कि नदी में सेब फेंके जा रहे हैं। मालवीय ने बताया कि यह हिमाचल प्रदेश के शिमला का वीडियो है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है।
देश को दो वर्गों में बांटा जा रहा है!
एक तरफ सत्ता संरक्षित ताकतवर लोग हैं जिनके इशारों पर देश की नीतियां बन रही हैं।
और दूसरी तरफ है आम हिंदुस्तानी, जिसकी पहुंच से सब्ज़ी जैसी बुनियादी चीज़ भी दूर होती जा रही है।
हमें अमीर-गरीब के बीच बढ़ती इस खाई को भर, इन आंसुओं को पोंछना… pic.twitter.com/zvJb0lZyyi
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 28, 2023
अमित मालवीय ने ट्वीट कर कहा, ‘शिमला में किसान नाले में सेब बहाने के लिए मजबूर हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि हिमाचल में कांग्रेस सरकार समय पर किसानों का फल बाजार तक पहुंचाने में नाकाम रही है। एक तरफ राहुल गांधी किसानों के लिए आंसू बहाते हैं। वहीं दूसरी ओर जब किसानों की सहायता की बात आती है तो कांग्रेस की राज्य सरकारें विनाशकारी साबित होती हैं। यही कारण है कि बाजार में फल और सब्जियां महंगी हैं।’
बता दें कि सोशल मीडिया पर एक सब्जी विक्रेता का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में सब्जी विक्रेता बताते हैं कि वो मंडी से बगैर सब्जी खरीदे ही वापस जा रहे हैं क्योंकि टमाटर समेत सभी सब्जियों की कीमत काफी बढ़ गई है। विक्रेता वीडियो में रोते हुए भी नजर आए। इसी वीडियो को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, ‘देश को दो वर्गों में बांटा जा रहा है! एक तरफ सत्ता संरक्षित ताकतवर लोग हैं जिनके इशारों पर देश की नीतियां बन रही हैं। और दूसरी तरफ है आम हिंदुस्तानी, जिसकी पहुंच से सब्ज़ी जैसी बुनियादी चीज भी दूर होती जा रही है। हमें अमीर-गरीब के बीच बढ़ती इस खाई को भर, इन आंसुओं को पोंछना होगा।’







