शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला में ऑन ड्यूटी महिला पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ कथित तौर पर साथी कॉन्स्टेबल द्वारा छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। महिला कॉन्स्टेबल का आरोप है कि आरोपी कॉन्स्टेबल ने न सिर्फ अश्लील इशारे किए बल्कि छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं जब महिला कॉन्स्टेबल पुलिस गुमटी में ड्यूटी दे रही थी, तब आरोपी ने जबर्दस्ती गुमटी के अंदर भी घुसने की कोशिश की थी।
जानकारी के शिमला के ढली पुलिस स्टेशन में तैनात महिला कॉन्स्टेबल ने पुलिस विभाग के ही एक पुरुष कॉन्स्टेबल पर छेड़खानी और अश्ली इशारे करने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिला कॉन्स्टेबल और आरोपी दोनों पुलिस की एक ही बटालियन में कार्यरत हैं। इस घटना की इलाके में खासी चर्चा है। पीड़ित महिला कॉन्स्टेबल की शिकायत पर ढली थाने में आरोपी पुलिस कॉन्स्टेबल के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
महिला कॉन्स्टेबल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि बीते 25 अक्टूबर को जब वह क्वार्टर गार्ड ड्यूटी पर तैनात थी तो राजीव नाम का सिपाही उसके पास आया और उसने उसे अश्लील व अभद्र शब्द कहे। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी की इस हरकत का जब उसने विरोध किया, फिर भी वह बाज नहीं आया। पीड़िता ने कहा कि ड्यूटी के दौरान जब वह गुमटी के अंदर चली गई तो आरोपी भी जबर्दस्ती गुमटी के अंदर घुसने की कोशिश करने लगा।
पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, ढली पुलिस ने शिकायत मिलने पर त्वरित एफआईआर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि पीड़िता की तहरीर पर ढली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75 (यौन उत्पीड़न), 78 (महिला का पीछा करना) व 79 (महिला की मर्यादा को ठेस पहुंचाना) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ित महिला कॉन्स्टेबल है और जिस पर आरोप लगे हैं, वो भी पुलिस की बटालियन में तैनात है। उन्होंने कहा कि यह गम्भीर मामला है और आरोपी के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उधर एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी पर निलंबन की तलवार लटक गई है।







