नई दिल्ली। नई दिल्ली स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक झण्डेवाला देवी मंदिर में आज शारदीय नवरात्र के आठवें दिन माँ के आठवें स्वरूप “माँ महागौरी’’ का श्रृंगार व पूजा अर्चना पूर्ण विधि-विधान के साथ की गई l इनका वर्ण पूर्णता गौर है l इनकी गौरवर्ण की उपमा शंख, चंद्र, और कुंद के फूलों से की जाती है l इनकी आयु आठ वर्ष की मानी गयी है l इनके समस्त वस्त्र एवं आभूषण आदि भी श्वेत है l इनकी चार भुजाएँ है। इनका वाहन वृषभ है।

आज दिनभर मंदिर में अपार भीड़ रही। कई भक्त अपने घरों से अष्टमी पूजन के पश्चात अपने घरों में बोई हुई खेत्री मंदिर में रख गये जिस के विसर्जन का प्रबंध मंदिर द्वारा किया जाता है।
आज मंदिर सारी रात दर्शनों के लिये खुला रहेगा। अष्टमी होने के कारण जागरण ज्योति रात्रि 9.00 बजे प्रचंड की जायेगी जिसका सीधा प्रसारण झंडेवाला देवी मंदिर यूट्यूब चैनल व अन्य माध्यमो पर किया गया। जागरण में सुप्रसिद्ध गायक श्री सहरबंस लाल बंसी जी, श्री आशीष बंसी जी एंड पार्टी एवं श्री लविश लव जी द्वारा माँ का गुणगान किया जायेगा। जागरण समाप्ति के पश्चात अगले दिन प्रात: आरती व कन्या पूजन किया जायेगा और जागरण सम्पन्न होगा। उसके बाद उपस्थित भक्तों को जागरण प्रसाद दिया जायेगा।
भक्तों का ऐसा विश्वास है की आज के दिन माँ झण्डेवाली से सच्चे ह्रदय से मांगी हुई हर मुराद पूरी होती है l







