नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पश्चिम बंगाल में एक मदरसे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकदी और सोने के सिक्के बरामद किए हैं. ईडी के लखनऊ ज़ोनल कार्यालय ने 16 जुलाई 2026 को हरोड़ा स्थित अल-जामियातुल इस्लामिया दारुल उलूम, खलीलकापुर में तलाशी अभियान चलाया.
तलाशी के दौरान जांच एजेंसी को संस्थान के कार्यालय से 40 लाख रुपये नकद और लाइब्रेरी परिसर से 180 ग्राम वजन के सोने के सिक्के मिले. बरामदगी के बाद ईडी अधिकारियों ने संस्थान के प्रभारी से नकदी और सोने के स्रोत के बारे में पूछताछ की, लेकिन एजेंसी के अनुसार वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके.
ईडी ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 17 के तहत कार्रवाई करते हुए 40 लाख रुपये नकद और 180 ग्राम सोने के सिक्कों को जब्त कर लिया गया है.
जांच एजेंसी अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि बरामद धन और सोने का स्रोत क्या है, इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था और क्या इस मामले का संबंध किसी बड़े वित्तीय अनियमितता या मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क से है.
फिलहाल ईडी ने मामले में आगे की जांच जारी होने की बात कही है. एजेंसी आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर सकती है. बरामदगी के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और जांच के नतीजों पर सभी की नजर बनी हुई है.







