नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी में नया इतिहास लिख गया है. 2026-27 सीजन में प्लेट ग्रुप का मुकाबला नागालैंड और मिजोरम के बीच दीमापुर के नागालैंड क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. मैच में मिजोरम के खिलाड़ी चिन्मय सुतार ने इतिहास रचते हुए नाबाद 400 रनों की पारी खेल डाली. चिन्मय ने अपनी पारी में 517 गेंदों का सामना किया, जिसमें 46 चौके और 7 छक्के लगाए. इस तरह उन्होंने चौके और छक्के मिलाकर अपनी पारी में 53 बाउंड्री जड़ीं.
यह टूर्नामेंट के इतिहास का सिर्फ दूसरा मौका है कि जब किसी खिलाड़ी ने 400 रन के आंकड़े को छुआ है. इससे पहले 1948-49 रणजी ट्रॉफी के सीजन में मुंबई के भाऊसाहेब बाबासाहेब निम्बालकर ने 443* रनों की पारी खेली थी. उनकी पारी में 49 चौके और 1 छक्का शामिल रहा था. इस तरह 78 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया. चिन्मय रणजी में सबसे बड़ा निजी स्कोर बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए.
रणजी ट्रॉफी में सबसे बड़ा निजी स्कोर बनाने वाले 5 बल्लेबाज
- भाऊसाहेब बाबासाहेब निम्बालकर (महाराष्ट्र)- 443* रन (1948)
- चिन्मय सुतार (मिजोरम)- 400* (2026)
- पृथ्वी शॉ (मुंबई)- 379 (2023)
- संजय मांजरेकर (मुंबई)- 377 (1991)
- मटुरी श्रीधर (हैदराबाद) – 366 रन (1994)
400 की पारी के हिसाब से बड़ा टोटल नहीं बना सकी टीम
चिन्मय सुतार की 400 रनों बड़ी पारी के बावजूद मिजोरम ज्यादा बड़ा टोटल बोर्ड पर नहीं लगा सकी. टीम ने अपनी पहली पारी में बैटिंग करते हुए 9 विकेट पर 581 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. चिन्मय के अलावा जेहू एंडरसन टीम के लिए दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज रहे. नंबर 6 पर उतरे जेहू ने 9 चौकों की मदद से 69 रन बनाए. इस दौरान नागालैंड के लिए अनिल गुप्ता ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए.
दो दिन के बाद मुकाबले का हाल
अपनी पहली पारी में बैटिंग कर रही नागालैंड ने दूसरा दिन समाप्त होने तक 1 विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए हैं. ओपनर जोशुआ ओजुकुम 23 रन पर नाबाद लौटे. नंबर तीन के सेदेझालिए रूपेरो 11 रन पर खेल रहे हैं. इकलौता विकेट खियांगते वानरोटलिंगा ने लिया है. नागालैंड 531 रन से पीछे है.







