नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) के दो कर्मचारी अवैध रूप से मेट्रो स्मार्ट कार्ड बेचने और रिचार्ज करते हुए पकड़े गए। डीएमआरसी ने उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के साथ ही पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दोनों कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन पर तैनात थे।
जानें कैसे हुआ मामले का पर्दाफाश
डीएमआरसी के अधिकारियों ने मंगलवार सुबह कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन पर कस्टमर केयर (सीसी) आपरेटर के रूप में काम करने वाले दो कर्मचारियों को स्मार्ट कार्ड बेचते हुए पकड़ा है। इसमें से एक कर्मचारी डीएमआरसी का और दूसरा आउटसोर्स एजेंसी का है। पिछले कुछ दिनों से उनके खिलाफ शिकायत मिल रही थी। अधिकारी उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
स्टेशन पर उन्हें 23 स्मार्ट कार्ड के साथ रंगेहाथ पकड़ा। आउट सोर्स एजेंसी से जुड़े कर्मचारी को नौकरी से निकालने के साथ ही डीएमआरसी के कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है जिससे पता चले कि इस काम में अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं।
मेट्रो स्टेशन पर बढ़ाई गई निगरानी
इस घटना को ध्यान में रखते हुए मेट्रो स्टेशन और उसके बाहर निगरानी बढ़ा दी गई है। डीएमआरसी प्रवक्ता का कहना है कि दिल्ली मेट्रो स्मार्ट कार्ड शुरुआत से ही आधिकारिक तौर पर स्टेशन टिकट व ग्राहक सेवा काउंटर से बेचे जाते हैं। यात्रियों को हमेशा मेट्रो स्टेशनों पर निर्धारित स्थान से ही स्मार्ट कार्ड खरीदने की सलाह दी गई है।







