गुरुग्राम। गुरुग्राम जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन ने जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी तेज कर दी है। तीन ब्लॉक में 25 अवैध कॉलोनियों की सूची सार्वजनिक कर दी गई है। इन कॉलोनियों में किए गए निर्माण के खिलाफ डीटीपी प्रवर्तन अब तोड़फोड़ का अभियान चलाएगा। उसके बाद भूमाफिया पर एफआईआर होगी।
सोहना में सात अवैध कॉलोनी चिह्नित की गई हैं। वहीं फर्रुखनगर और पटौदी में नौ-नौ अवैध कॉलोनियां शामिल हैं। ये कॉलोनियां करीब 80 एकड़ जमीन पर विकसित हुई हैं। दरअसल, जिले में अवैध कॉलोनियां विकसित करने के बारे में डीटीपी प्रवर्तन के पास लगातार शिकायतें आ रही हैं। जालसाजों के चंगुल में फंसने से बचने के लिए अवैध कॉलोनियों की पहचान कर सूची कर दी गई है।
तीन ब्लॉक में चिह्नित की गईं अवैध कॉलोनी
सोहना ब्लॉक में सात अवैध कॉलोनियों में में भोंडसी में सीआरपीएफ कैंप, परमिट लाइन, सती माता मंदिर के पीछे, सोहना-गुरुग्राम रोड, जेल रोड, रिठौज-शहजवास रोड, मारुति कुंज रोड शामिल है। फर्रुखनगर में नौ अवैध कॉलोनियों में गढ़ी हरसरू, बाईपास के पास मुबारिकपुर, साढ़राना, बाईपास रोड फर्रुखनगर, फाजिलपुर रोड, फर्रुखनगर-फाजिलपुर रोड आदि हैं। वहीं पटौदी में हेलीमंडी, पटौदी हेलीमंडी, जटौली-पटौदी, बोहराकलां आदि हैं।
मनीष यादव (जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन) ने बताया, ”गुरुग्राम जिले के तीन ब्लॉकों में 25 अवैध कॉलोनियों को चिह्नित कर सूची जारी कर दी गई है। इनके खिलाफ जल्द ही अभियान शुरू कर अवैध कॉलोनियों को जमींदोज कर दिया जाएगा।”







