प्रकाश मेहरा
स्पेशल डेस्क
नई दिल्ली। नेपाल में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ने कई इलाकों में गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। बाढ़ के कारण जान-माल के बड़े नुकसान की आशंका है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया और जनहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बातचीत की जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में भारत के लोग नेपाल के अपने भाई-बहनों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि “भारत की राहत और बचाव टीमें नेपाल के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं, ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।”
रसुवा में बाढ़ से भारी नुकसान
नेपाल के रसुवा क्षेत्र में बुधवार सुबह आई बाढ़ से व्यापक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर 3 बजे तक बाढ़ के कारण 17 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी थी। कई इलाकों में स्थिति गंभीर बनी हुई है और राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।
त्रिशूली नदी के आसपास खतरा
नेपाल सरकार ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक त्रिशूली नदी के आसपास के तटीय क्षेत्रों में खतरा बढ़ सकता है और इसका असर चितवन तक पहुंचने की आशंका है। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी और निचले इलाकों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
संकट की घड़ी में भारत का साथ
नेपाल में पैदा हुए इस प्राकृतिक संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी की नेपाली प्रधानमंत्री से बातचीत को दोनों देशों के बीच सहयोग और मानवीय संबंधों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत ने स्पष्ट किया है कि वह नेपाल के लोगों की मदद के लिए हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने को तैयार है। फिलहाल नेपाल में राहत और बचाव अभियान जारी है तथा प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






