नई दिल्ली: अपने बयानों से अक्सर चर्चा में रहने वाली हिरोइन शर्लिन चोपड़ा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उनसे कॉन्ग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी से शादी करने को लेकर सवाल पूछा जाता है। जवाब में वह अपनी रजामंदी जताती हैं। लेकिन एक शर्त भी रखती हैं। इसके मुताबिक वह शादी के बाद भी अपना सरनेम नहीं बदलेंगी।
वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि शर्लिन चोपड़ा फैंस से घिरी हुई हैं। इसी दौरान एक पैपराजी उनसे पूछता है- आप राहुल गाँधी से शादी करना चाहेंगी। जवाब में शर्लिन कहती हैं, “हाँ क्यों नहीं। लेकिन मैं चाहूँगी कि शादी के बाद मेरा सरनेम चोपड़ा ही रहे।” यह वीडियो ऐसे वक्त में वायरल हुआ है जब कॉन्ग्रेस नेता की लोकसभा सदस्यता फिर से बहाल कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि ‘सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है’ वाले बयान को लेकर गुजरात कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद राहुल गाँधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त हो गई थी। इस मामले में गुजरात हाई कोर्ट ने भी उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया था। लेकिन पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सजा पर रोक लगा दी थी। उसके बाद कॉन्ग्रेस नेता की संसद सदस्यता फिर से बहाल कर दी गई है। वे केरल की वायनाड सीट से सांसद हैं।
कॉन्ग्रेस नेता को कुछ समय पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने शादी करने की सलाह दी थी। पटना में विपक्षी दलों की बैठक के बाद साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में लालू यादव ने कॉन्ग्रेस नेता से यह बात कही थी। बाद में जब सोनिया गाँधी ने हरियाणा के महिलाओं के एक समूह से मुलाकात की थी तब भी उनकी शादी पर चर्चा हुई थी। उस समय सोनिया ने महिलाओं से कहा था कि वे लोग लड़की खोज दें तो वह उनकी (राहुल गाँधी) शादी करवा देंगी।







