शिमला : हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के कर्मियों को अक्तूबर माह के 15 दिन बीतने के बाद भी वेतन नहीं मिला है। निगम के प्रबंध निदेशक आईएएस अधिकारी रोहन चंद ठाकुर ने भी अब तक वेतन नहीं लिया है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सचिवालय में एचआरटीसी कर्मचारी संघ के साथ बैठक में दावा किया था कि निगम कर्मियों को हर महीने पहले सप्ताह में हर हाल में वेतन अदायगी होगी।
सरकार की ओर से ग्रांट न मिलने के कारण निगम कर्मियों को वेतन जारी नहीं हो पा रहा है। त्योहारी सीजन चल रहा है। नवरात्र शुरू हो गए हैं लेकिन एचआरटीसी के करीब 20 हजार कर्मियों और पेंशन भोगियों को वेतन और पेंशन नहीं मिल पाई है। इतना ही नहीं निगम के करीब 9300 चालक परिचालकों का पिछले 36 महीनों का नाइट ओवर टाइम भी बकाया है।
कार्यालयों और वर्कशाप में सेवाएं दे रहे करीब 2700 कर्मियों को भी वेतन जारी न होने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। निगम के 7500 पेंशनर समय पर पेंशन न मिलने से परेशान हैं। निगम कर्मियों का कहना है कि वेतन न मिलने से ऋण की किश्तें चुकानी मुश्किल हो गई हैं। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर का कहना है कि सोमवार को ग्रांट जारी होने की उम्मीद है। इसके बाद तुरंत वेतन जारी कर दिया जाएगा।







