प्रकाश मेहरा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के ज़रिये ‘डीप फेक’ बनाए जाने की प्रवृति पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि ऐसा करना परेशानी पैदा करने वाला है लिहाजा मीडिया को इस बारे लोगों को शिक्षित करना चाहिए. पीएम का ये बयान फिल्म अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का डीप फेक वीडियो वायरल होने के बाद आया है. ये वीडियो पिछले दिनों काफ़ी चर्चा में रहा था.
रश्मिका ने इसे लेकर ‘दुख’ जाहिर किया था और जल्दी से जल्दी इसका समाधान तलाशने की अपील की थी जिससे किसी और को उनके जैसी तकलीफ न झेलनी पड़े.’
रश्मिका ने सोशल प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा था, ‘ईमानदारी से, ऐसा कुछ भी बहुत डरावना है, न सिर्फ़ मेरे लिए बल्कि हम सभी के लिए.’ उन्होंने आगे लिखा कि आज तकनीक का जिस तरह से दुरुपयोग हो रहा है, उससे सिर्फ़ उन्हें ही नहीं बल्कि तमाम दूसरे लोगों को भी भारी नुक़सान हो सकता है.
रश्मिका ने लिखा था, आज एक महिला और और एक्टर होने के नाते मैं अपने परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों की शुक्रगुजार हूं जो मेरे रक्षक और सपोर्ट सिस्टम हैं. लेकिन अगर ऐसा कुछ तब होता जब मैं स्कूल या कॉलेज में थी, तो सच में मैं कल्पना नहीं कर सकती हूं कि तब मैंने इसका कैसे सामना किया होता.






