इंदौर: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर को ट्रैफिक के दृष्टिकोण से नंबर वन बनाने की तैयारी की जा रही है। यही कारण है कि, फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को अल्टीमेटम देकर अतिक्रमण हटाया जा रहा है। वहीं महापौर भी लगातार व्यापारियों से अतिक्रमण हटाने की अपील कर रहे हैं।
एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महापौर पुष्यमित्र भार्गव दुकानदारों को अल्टीमेटम देते हुए अतिक्रमण हटाने की बात कह रहे हैं। वहीं महापौर अतिक्रमण ना हटाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी व्यापारियों को देते नजर आ रहे हैं।
महापौर ने की अपील
महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा गांधी नगर चौराहे से सुपर कॉरिडोर की ओर जाने वाले मार्ग पर राशि रूपये 7.50 करोड की लागत से 800 मीटर लंबाई, 18 मीटर चौडाई की फुटपाथ सहित सडक के संबंध में जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारियो के साथ निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि, गांधी नगर इंदौर का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यह क्षेत्र सुपर कॉरिडोर, एअरपोर्ट के साथ ही मेट्रो डिपो के नजदीक स्थित है। इस क्षेत्र में गांधी नगर चौराहे से सुपर कॉरिडोर रोड के संपर्क रोड तक उक्त मार्ग के निर्माण से इस क्षेत्र के व्यापारियो के साथ ही रहवासियों को भी लाभ मिलेगा।
अधिकारियो को निर्देशित किया
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने गांधी नगर चौराहे से सडक निर्माण के संबंध में क्षेत्रीय व्यापारियो के साथ बैठक सडक निर्माण में बाधक स्वेच्छा से हटाने की अपील की गई। उन्होने कहा कि, यह मार्ग आप सभी के व्यापार व रहवासियों के बेहतर यातायात आवागमन के लिये महत्वपूर्ण है। उक्त निर्माण कार्य में सहयोग करने की भी अपील की गई। महापौर द्वारा उक्त सडक निर्माण के लिये सर्वे कर, सेन्ट्रल लाईन डालने हेतु अधिकारियो को निर्देशित किया गया। साथ ही निगम अधिकारियो को शीघ्र सर्वे कर बाधक निर्माण चिंहित करते हुए, समय सीमा में बाधक हटाने के भी निर्देश देते हुए। महापौर द्वारा निर्माण कार्य प्रारम्भ होने के आगामी 08 माह में उक्त सडक निर्माण कार्य को पूर्ण करने के भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये।







