प्रकाश मेहरा
नई दिल्ली: बिहार के दरभंगा से दिल्ली आ रहे एक विमान ‘में बम रखे होने की कॉल बुधवार दोपहर एयरलाइंस को मिली। दिल्ली एयरपोर्ट पर सावधानी के साथ इस विमान को उतारा गया।
डीसीपी उषा रंगनानी ने बताया कि विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। इस कॉल को लेकर छानबीन की जा रही है। बुधवार दोपहर बिहार के दरभंगा से स्पाइसजेट कंपनी के विमान ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। इस उड़ान के कुछ देर बाद ही किशोर कुमार नामक के शख्स ने कंपनी के कॉल सेंटर में फोन कर विमान में बम रखे होने की बात कही। उसने बताया कि कनॉट प्लेस के एक रेस्तरां में दो लोगों को बात करते हुए उसने सुना है।
उन्होंने इस विमान में बम होने की बात कही है। इसके बाद स्पाइसजेट के सुरक्षा अधिकारी की तरफ से एयरपोर्ट को लगभग शाम 5:30 बजे अलर्ट किया गया। एयरपोर्ट पर तुरंत इमरजेंसी घोषित की गई। इस विमान को पूरी सुरक्षा के साथ उतारा गया। उतारने के बाद इसे खाली जगह में ले जाया गया, जहां यात्रियों को उतारकर विमान की जांच की गई। सुरक्षा जांच के बाद देर शाम इस कॉल को झूठा करार दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि गणतंत्र दिवस से पूर्व आई इस कॉल को पूरी गंभीरता से लिया गया। सभी एजेंसियों ने इस कॉल को लेकर बैठक भी की है। इस समय एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ एवं पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। एयरपोर्ट के भीतर जहां सीआईएसएफ द्वारा गहन जांच की जा रही है तो वहीं दूसरी तरफ एयरपोर्ट के बाहर पुलिस द्वारा एंटी टेरर पिकेट लगाकर आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।






