नई दिल्ली: प्रधानमंत्री पद के लिए नामित नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार रविवार को शपथ लेंगे। इस बीच, नई सरकार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के विभिन्न घटकों के लिए मंत्रिपरिषद में हिस्सेदारी को लेकर भाजपा नेतृत्व और सहयोगी दलों के बीच गहन विचार-विमर्श चल रहा है। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली नई कैबिनेट में चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (TDP) को चार विभाग मिलेंगे, जबकि नीतीश कुमार की जेडीयू को दो पद मिलेंगे। टीडीपी के जिन चार नेताओं को पीएम मोदी की नई कैबिनेट में जगह मिल सकती है, उनमें से राम मोहन नायडू, हरीश बालयोगी और दग्गुमल्ला प्रसाद वे तीन नेता हैं।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) ने दो वरिष्ठ नेताओं में ललन सिंह और राम नाथ ठाकुर के नाम का प्रस्ताव रखा है। ललन सिंह बिहार के मुंगेर से लोकसभा के लिए चुने गए थे, जबकि राम नाथ ठाकुर राज्यसभा सांसद हैं। राम नाथ ठाकुर भारत रत्न से सम्मानित कर्पूरी ठाकुर के पुत्र हैं। कल सरकार के शपथ ग्रहण से पहले मंत्रिमंडल में जगह तय करने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
सहयोगियों से बात कर रहे भाजपा नेता
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा गया है कि आंध्र प्रदेश में 16 लोकसभा सीटें जीतने के बाद टीडीपी ने चार मंत्रालय और लोकसभा अध्यक्ष का पद मांगा था। वहीं जेडी(यू) ने 12 सीटें जीतने के बाद दो कैबिनेट पद मांगे थे। अमित शाह और राजनाथ सिंह के अलावा पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा जैसे वरिष्ठ भाजपा नेता सरकार में प्रतिनिधित्व को लेकर तेलुगु देशम पार्टी के एन. चंद्रबाबू नायडू, जेडी(यू) के नीतीश कुमार और शिवसेना के एकनाथ शिंदे सहित सहयोगी दलों से परामर्श कर रहे हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि गृह, वित्त, रक्षा और विदेश जैसे महत्वपूर्ण विभागों के अलावा शिक्षा और संस्कृति जैसे दो मजबूत वैचारिक पहलुओं वाले मंत्रालय भाजपा के पास रहेंगे, जबकि उसके सहयोगियों को पांच से आठ कैबिनेट पद मिल सकते हैं। पार्टी के भीतर जहां अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे नेताओं का नए मंत्रिमंडल में शामिल होना तय माना जा रहा है, वहीं लोकसभा चुनाव जीतने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जैसे शिवराज सिंह चौहान, बसवराज बोम्मई, मनोहर लाल खट्टर और सर्बानंद सोनोवाल सरकार में शामिल होने के प्रबल दावेदार हैं।
इन लोगों को मिलेगी कैबिनेट में जगह
सूत्रों ने बताया कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के राम मोहन नायडू, जद(यू) के ललन सिंह, संजय झा और राम नाथ ठाकुर तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिराग पासवान उन सहयोगियों में शामिल हैं जो नयी सरकार का हिस्सा हो सकते हैं। महाराष्ट्र, जहां भाजपा-शिवसेना-राकांपा गठबंधन का प्रदर्शन खराब रहा है, और बिहार, जहां विपक्ष ने वापसी के संकेत दिए हैं, सरकार गठन की कवायद के दौरान फोकस में हो सकते हैं
महाराष्ट्र में अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं, जबकि बिहार में अगले साल चुनाव होंगे। भाजपा के संगठन में होने वाले बदलाव भी पार्टी के मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप देते समय चयनकर्ताओं के मन में होंगे। लोकसभा चुनावों के कारण नड्डा का कार्यकाल बढ़ा दिया गया था, और संगठनात्मक अनिवार्यताएं पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण विचारणीय विषय होगा, क्योंकि चुनाव परिणामों ने संकेत दिया है कि उसकी विशाल मशीनरी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
नड्डा को सरकार में स्थान दिए जाने की संभावना
सूत्रों ने कहा कि इससे पार्टी में किसी अनुभवी व्यक्ति को भेजे जाने और नड्डा को सरकार में स्थान दिए जाने की संभावना भी बनी हुई है। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनावों में अपने आश्चर्यजनक रूप से खराब प्रदर्शन के बाद निरंतरता का संदेश देने और राजनीतिक कमजोरी की किसी भी धारणा को दूर करने के लिए प्रयासरत है। पार्टी को इन आम चुनावों में 240 सीटें मिलीं जो बहुमत के आंकड़े से 32 कम हैं। पार्टी को 2019 के चुनावों में 303 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। सरकार ने शनिवार को घोषणा की कि बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, भूटान, मालदीव और मॉरीशस सहित कई पड़ोसी देशों के नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।







