मुंबई: मेडिकल एंट्रेस एग्जाम NEET की परीक्षा में धांधली मामले के तार केवल बिहार नहीं बल्कि महाराष्ट्र से भी जुड़े हुए हैं। इस मामले में दो शिक्षकों से पूछताछ की जा रही है। पेपर लीक मामले में संलिप्तता के संदेह में आतंक रोधी दस्ते ने संजय तुकाराम जाधव और जलील उमरखान पठान को हिरासत में लिया है। ये दोनों ही नांदेड़ के रहना वाले हैं। ये दोनों ही जिला परिषद के स्कूल में पढ़ाते हैं और अपनी प्राइवेट कोचिंग भी चलाते हैं।
सूत्रों का कहना है कि कई घंटों की पूछताछ के बाद इन दोनों को ही छोड़ दिया गया। उनसे कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर उन्हें फिर से बुलाया जा सकता है। बता दें कि एनटीए द्वारा कराए जाने वाले नीट और यूजीसी नेट की परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद विवाद जारी है। यूजीसी-नेट एग्जाम एक दिन बाद ही रद्द कर दिया गया था।
बता दें कि पेपर लीक का मामला शिक्षा मंत्रालय ने सीबीआई को सौंप दिया है। अब सीबीआई सॉल्वर गैंग और प्रोक्सी पेपर दिलवाने वाले की जांच कर रही है। सरकार ने एक दिन पहले ही टेस्टिंग एजेंसी के डायरेक्टर को भी हटा दिया है और एनटीए की समीक्षा करने के लिए एक उच्चस्तरीय पैनल का गठन किया गया है। इसके अलावा परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए लोक परीक्षा कानून को लागू कर दिया गया है।
बता दें कि 5 मई को कराए गए नीट यूजी की परीक्षा में 24 लाख स्टूडेंट शामिल हुए थे। 4 जून को परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए। पता चला कि 1500 छात्रों को ग्रेस मार्क्स दिए गए थेए। इसके बाद छात्र आंदोलन पर उतर आए और सीबीआई जांच की मांग करने लगे। अब 1500 छात्रों का रीटेस्ट कराया जा रहा है। वहीं एजेंसी ने ग्रेस मार्क्स वापस ले लिए हैं। वहीं NEET पीजी की परीक्षा को टाल दिया गया है। इसकी नई तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जाएगा।







