शिमला: हिमाचल प्रदेश में एक के बाद एक मस्जिद को लेकर बवाल हो रहा है। शिमला के बाद अब कुल्लू में भी हिंदूवादी संगठनों ने एक मस्जिद को अवैध बताते हुए ध्वस्त करने की मांग उठा दी है। सोमवार को मंदिर से मस्जिद तक एक जुलूस भी निकाला गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। इस बीच एक मुस्लिम सगंठन ने कहा है कि राज्य में कोई भी मस्जिद अवैध नहीं है, बल्कि सरकारी रिकॉर्ड में नक्शे की मंजूरी में देरी की वजह से समस्याएं हो रही हैं।
हिंदू धर्म जागरण यात्रा’ के तहत निकाले गए विरोध प्रदर्शन में हजारों लोग शामिल हुए। हनुमान मंदिर से आखारा मस्जिद तक कड़ी सुरक्षा के बीच जुलूस निकाला गया। प्रदर्शनकारी हाथों में भगवा झंडा और पोस्टर-बैनर लिए हुए थे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी उमड़ीं। महिलाएं परंपरागत कपड़े पहनकर शामिल हुईं तो वाद्य यंत्र भी बजाए गए।







