प्रकाश मेहरा
एक्जीक्यूटिव एडिटर
जैंतगढ़/जगन्नाथपुर। आदिवासी हो समाज युवा महासभा एवं सरना बचाओ समिति चुरला-कासिरा के संयुक्त नेतृत्व में जगन्नाथपुर प्रखंड की कासिरा पंचायत अंतर्गत चुरला-बासासाई गांव में हातु दियुरियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हो समाज की प्राचीन परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
संवाद के दौरान गांव में बढ़ते सामाजिक एवं धार्मिक अतिक्रमण जैसे गंभीर मुद्दों पर चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इस दौरान ग्रामीणों एवं दियुरियों के समक्ष गांव के प्रत्येक परिवार को सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का उद्देश्य भी रखा गया।
आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम ने कहा कि आदिवासी हो समाज युवा महासभा एवं नेशनल आदिवासी रिवाइवल एसोसिएशन द्वारा समाज की प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों के संरक्षण के लिए लगातार सामाजिक जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों और दियुरियों से अपील की कि वे पारंपरिक त्योहारों एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपनी भाषा, संस्कृति तथा मूल परंपराओं को संरक्षित एवं विकसित करने में योगदान दें।
कार्यक्रम में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के अनुमंडल उपाध्यक्ष पुतकर लागुरी, क्रियाम हेम्ब्रम, जगदीश बोबोंगा, सहायक दियुरी अर्जुन हेम्ब्रम, नरसिंह कोड़ा, अर्जुन कोड़ा, सुभाष कोड़ा, शुगुन कोड़ा, मनोज कोड़ा, रासिका कोड़ा, चरण कोड़ा, राजेंद्र लागुरी, रतनलाल सूंडी, शंकर कोड़ा, भगवान कोड़ा, लक्ष्मण कोड़ा, लखन कोड़ा, राजा कोड़ा सहित उमेश मुखी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







