नई दिल्ली: दिल्ली सचिवालय में 8 मार्च को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई, जिसमें मंत्री प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र सिंह इंद्राज मौजूद थे. इस बैठक में महिला समृद्धि योजना और मुफ्त गैस सिलेंडर योजना को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए गए.
सूत्रों के मुताबिक महिला समृद्धि योजना के रजिस्ट्रेशन की तारीख तय हो गई है और जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले महिला दिवस कार्यक्रम में जेपी नड्डा इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं. योजना का लाभ बीपीएल कार्ड धारक महिलाओं को सशर्त मिलेगा और इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा. सरकार की प्राथमिकता गरीब महिलाओं को इस योजना का लाभ देना है. इसके अलावा, होली के मौके पर गरीब परिवारों को मुफ्त घरेलू सिलेंडर देने की भी घोषणा हो सकती है.
- जिनकी सालाना आय 2.5 लाख रुपये से कम हो.
- जो महिलाएं इनकम टैक्स नहीं देती हों.
- जो किसी सरकारी नौकरी में नहीं हों.
- जो पेंशनभोगी न हों.
- जो दिल्ली में गरीबी रेखा से नीचे (BPL) आती हों.
- 21 से 60 साल की महिलाएं इस योजना के लिए पात्र होंगी.
बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया था. इसके अलावा, मुफ्त सिलेंडर, गर्भवती महिलाओं को 21 हजार रुपये, होली और दिवाली पर गरीब परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर और पेंशन राशि 2000 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये करने का भी ऐलान किया गया था. बीजेपी सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान योजना लागू करने और CAG रिपोर्ट जारी करने का फैसला लिया था.
लेकिन पहली बैठक में महिला समृद्धि योजना पर कोई घोषणा नहीं हुई. इसी वजह से विपक्षी आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार को निशाने पर लिया और लगातार सवाल उठाए कि प्रधानमंत्री मोदी अपना वादा कब पूरा करेंगे. अब इस योजना को जल्द लागू करने की तैयारी की जा रही है, जिससे गरीब महिलाओं को आर्थिक मदद मिल सके.







