नई दिल्ली: अगर आप भी जाम छलकाते हैं और दिल्ली में रहते हैं तो आपके लिए एक लेटेस्ट खबर है। सोमवार को दिल्ली सरकार ने रामनवमी और गुड फ्राइडे सहित महत्वपूर्ण धार्मिक त्योहारों पर शराब की दुकानों को बंद रखने के लिए वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में पांच ड्राई डे घोषित किए हैं।
पीटीआई की खबर के मुताबिक, शहर सरकार के आबकारी विभाग द्वारा जारी एक हालिया आदेश के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में शराब की दुकानें रामनवमी (6 अप्रैल), महावीर जयंती (10 अप्रैल), गुड फ्राइडे (18 अप्रैल), बुद्ध पूर्णिमा (12 मई) और ईद-उल-जुहा (6 जून) को बंद रहेंगी।
आदेश प्रदर्शित करने का भी निर्देश
खबर के मुताबिक, आबकारी आयुक्त सनी सिंह ने जारी आदेश में कहा कि शराब लाइसेंसधारियों के लिए ड्राई डे दिल्ली आबकारी नियम, 2010 के नियम 52 के प्रावधानों के अनुसार घोषित किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि लाइसेंसधारियों को अपने लाइसेंस प्राप्त परिसर में एक विशिष्ट स्थान पर आदेश प्रदर्शित करने का भी निर्देश दिया गया है।







