हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में अवैध मजार के खिलाफ एक बार फिर बुलडोजर ऐक्शन हुआ है। भारी पुलिस फोर्स की तैनाती के बीच प्रशासन की टीम ने अवैध मजार को धवस्त कर दिया। धवस्तीकरण के दौरान लोगों की भीड़ भी जमी रही। रविवार सुबह को हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हरिलोक में बनी एक अवैध मजार को तोड़ गया है। ध्वस्तीकरण के वक्त प्रशासन की ओर से भारी मात्रा में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया था।
विदित हो कि प्रशासन की ओर से नोटिस भी दिया गया था इसके बावजूद अवैध तरीके से बनी मजार को नहीं हटाया गया था। कई बार नोटिस देने के बाद जब अवैध मजार को नहीं हटाया तो प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
हरिद्वार के एसडीएम अजयवीर सिंह के साथ मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा। एसडीएम अजय वीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देश पर अवैध धार्मिक स्ट्रक्चरों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
सराय क्षेत्र में बनी इस अवैध मजार को तोड़ने से पहले नोटिस जारी किया गया था। नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर हरिद्वार के जिलाधिकारी ने मजार को तोड़ने के निर्देश दिए थे। प्रशासन की टीम ने मजार को हटा दिया है।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार में अभी तक 10 से अधिक अवैध धार्मिक स्ट्रक्चरों को तोड़ा जा चुका है। अभी भी कई धार्मिक स्ट्रक्चर बाकी है जिन पर कार्रवाई की जा सकती है।
अवैध मदरसों पर भी जारी ऐक्शन
उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देश के बाद प्रदेशभर में जिला प्रशासन का ऐक्शन जारी है। हरिद्वार, रुड़की, रुद्रपुर, काशीपुर, देहरादून आदि शहरों में अवैध तरीकों से संचालित मदरसों को सील किया जा रहा है।
मदरसों को सील करने से पहले प्रशासन की टीम की ओर से जरूरी कागजात भी मांगे जा रहे हैं। आपको बता दें कि सरकार की ओर से अबतक 140 से अधिक अवैध मदरसों को कागजात जांचने के बाद सील कर चुकी है। मदरसों में पढ़ने वाले छात्रों को सरकारी स्कूलों में दाखिला दिया जाएगा।







