नई दिल्ली : दिल्ली सचिवालय में माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में काँवड़ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिवभक्तों की सेवा में कोई कमी न रहे। इस वर्ष 374 पंजीकृत कांवड़ समितियों को सिंगल विंडो सिस्टम के ज़रिए 48 घंटे के भीतर अनुमति दी गई। प्रत्येक शिविर को 1200 यूनिट मुफ्त बिजली और सिक्योरिटी डिपॉजिट में 75% की राहत दी गई है। ट्रैफिक, पुलिस, स्वास्थ्य और सफाई की व्यवस्थाओं को हर स्तर पर पुख़्ता बनाया गया है। समितियों को कुल राशि का 50% आयोजन से पहले और शेष DBT के माध्यम से सीधे खाते में स्थानांतरित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि काँवड़ यात्रा को श्रद्धा, सेवा और सुव्यवस्था का प्रतीक बनाने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। हमारा उद्देश्य है कि इस पवित्र यात्रा में हर शिवभक्त को पूर्ण सम्मान और सुविधा मिले।

इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री आशीष सूद जी, मंत्री कपिल मिश्रा जी एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।







