रुडकी। लक्सर नपा के वार्ड चार में रविवार को सभासद उपचुनाव का मतदान पूरा हो गया। पिछले वर्ष सरकार द्वारा इस वार्ड की सभासद को हटाने के बाद से यह सीट रिक्त थी। इस उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी समेत कुल तीन महिलाएं प्रत्याशी थी। अब प्रशासन 14 जून को मतगणना के बाद सभासद का नाम घोषित करेगा।
2018 के निकाय चुनाव में लक्सर के वार्ड चार शिवपुरी पूर्वी से भाजपा की नीता पांचाल सभासद का चुनाव जीतीं थी। पिछले साल इसी वार्ड के व्यक्ति ने नीता को तीसरा बच्चा पैदा होने की शिकायत शासन से की थी। जांच में इसकी पुष्टि होने पर जुलाई 2021 में शासन ने नीता का निर्वाचन रद कर दिया था। यह सीट तभी से खाली चल रही है। पिछले महीने शासन के आदेश पर वार्ड में उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई थी। उपचुनाव में भाजपा से मालवती देवी के अलावा निर्दलीय पूजा पांचाल व नीरू गोयल चुनाव मैदान में हैं। रविवार को लक्सर बीडीओ कार्यालय में सुबह आठ बजे से दो बूथों पर मतदान कराया गया। मतदान शुरू होने से समाप्त होने तक तीनों प्रत्याशियों के अलावा उनके समर्थक आसपास मौजूद रहे।
हालांकि उपचुनाव में मतदाताओं ने ज्यादा रूचि नहीं दिखाई। सुबह में मतदान शुरू होने और शाम को बंद होने तक मतदाता दो-दो और चार-चार की संख्या में ही वोट डालने के लिए बूथ पर पहुंचते रहे। बूथों पर सुबह से शाम तक एक बार भी लाइन नहीं लगी। शाम तक इस वार्ड के कुल 1567 में 873 (55.7 प्रतिशत) लोगों ने ही अपना वोट डाला। मतदान के दौरान पुलिस व प्रशासन के अफसरों ने कई बार बूथों पर पहुंचकर व्यवस्था देखी। सहायक निर्वाचन अधिकारी नायब तहसीलदार लक्सर रमेशचंद्र नौटियाल ने बताया कि 14 जून को मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशी का नाम घोषित किया जाएगा।







