कर्णप्रयाग। उत्तराखंड के पहाड़ी गांवों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली का एक और चिंताजनक मामला सामने आया है। कर्णप्रयाग क्षेत्र में सड़क सुविधा के अभाव में एक गर्भवती महिला को करीब तीन किलोमीटर पैदल चलने की मजबूरी झेलनी पड़ी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में प्रसव पीड़ा तेज हो गई और महिला ने सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।
जानकारी के अनुसार, कांचुला–गैन–सैंजकट्टा मोटर मार्ग का निर्माण अब तक पूरा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आज भी मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए पैदल दूरी तय करनी पड़ती है। गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने के लिए परिजन और ग्रामीण निकले, लेकिन सड़क की सुविधा न होने के चलते उन्हें रास्ते में ही इस गंभीर परिस्थिति का सामना करना पड़ा।
यह घटना केवल एक परिवार की परेशानी नहीं, बल्कि पहाड़ के गांवों में विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच की खाई को उजागर करती है। जिस दौर में विकास और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की बात की जा रही है, उस दौर में भी एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचने के लिए तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़े, यह व्यवस्था के लिए बेहद शर्मनाक और गंभीर सवाल है।
पत्रकार और लेखक प्रकाश मेहरा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा “न सड़क, न स्वास्थ्य सुविधा! कर्णप्रयाग में गर्भवती महिला को 3 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा और रास्ते में ही प्रसव हो गया। क्या यही है पहाड़ में विकास की हकीकत ?”
आखिर जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि कब जागेंगे ?
क्या ग्रामीणों को सड़क, स्वास्थ्य और आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में शामिल नहीं है? क्या पहाड़ के लोगों को आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ेगी?
सड़क निर्माण की फाइलों और घोषणाओं से गांवों का विकास नहीं होता। विकास तब माना जाएगा, जब गर्भवती महिला को प्रसव के लिए सड़क पर नहीं, बल्कि सुरक्षित अस्पताल में चिकित्सा सुविधा मिले।
अब सवाल साफ है- कब बनेगी कांचुला–गैन–सैंजकट्टा सड़क और कब मिलेगी पहाड़ के ग्रामीणों को इस मजबूरी से मुक्ति?







