पटना. भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का बिहार में पहला संबोधन कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भरने वाला रहा. मंच पर पहुंचते ही नितिन नवीन का जोरदार स्वागत किया गया. गुलाब की पंखुड़ियां उड़ाई गईं और “बंगाल फतह” के नारे गूंजने लगे. कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया. अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करता है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी बिहार की जीत का सबसे बड़ा कारण है. बिहार की यह जीत आगे चलकर बंगाल से केरल तक जाएगी, यह तय है.
भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद आज पहली बार नितिन नबीन के पटना पहुंचते ही उनका जोरदार स्वागत हुआ.
नितिन नवीन ने भावुक होते हुए अपने पिता को याद किया। उन्होंने कहा कि पिता ने कभी राजनीति नहीं की, लेकिन जीवन भर समाज के लिए काम किया. उनके निधन के बाद जब लोगों का स्नेह और सम्मान देखा, तब समझ आया कि सेवा कैसे की जाती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि राजनीति शॉर्टकट का काम नहीं है, बल्कि मेहनत, धैर्य और जिम्मेदारी का रास्ता है. अपने काम पर विश्वास रखिए. संगठन का एक आम कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष की भूमिका निभा सकता है. यदि नेतृत्वकर्ता बनना है तो लोगों से जुड़िए.
कार्यकर्ताओं को टास्क और राहुल गांधी पर निशाना
नितिन नबीन ने कहा कि पंचायत और निकाय चुनाव के लिए अभी से तैयारी में जुट जाइए. कुछ लोग पार्ट-टाइम पॉलिटिशियन बनना चाहते हैं, लेकिन हमें राहुल गांधी की तरह फुल-टाइम पॉलिटिशियन बनना है. एक बिहार में हैं, जब मुद्दा और मौका होता है तो दिखाई नहीं देते, विदेश चले जाते हैं. वोट की चोरी का आरोप लगाने वालों को वोट की चोट ऐसी लगी कि विदेश पहुंच गए. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता देश और विदेश में जाकर भारत को गाली देते हैं. ऐसे लोगों को राजनीतिक रूप से जवाब देने का समय आ गया है.
पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक जब भगवा का नारा
उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत यही है कि जिसे जो जिम्मेदारी दी जाती है, वह उसे पूरी निष्ठा से निभाता है। पार्टी बूथ स्तर से कार्यकर्ता को उठाकर शीर्ष तक पहुंचाने का काम करती है. नितिन नवीन ने कहा कि बिहार में जो जनादेश मिला है, वह सिर्फ सत्ता के लिए नहीं, बल्कि विकास का रास्ता तय करने के लिए है. पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक जब भगवा लहराएगा, तभी भाजपा की असली जीत होगी. उन्होंने लक्ष्य रखा कि बिहार में एक लाख से ज्यादा पंचायत स्तर पर युवा नेतृत्व तैयार किया जाएगा.
अपने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा में पार्ट टाइम पॉलिटिक्स की कोई जगह नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता देश और विदेश में जाकर भारत को गाली देते हैं। ऐसे लोगों को राजनीतिक रूप से जवाब देने का समय आ गया है.
डिप्टी सीएम बोले- नितिन नबीन के नेतृत्व में और मजबूत होगी भाजपा
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि नितिन नवीन ने 20 साल तक संगठन और सरकार में काम किया है. भाजपा पहली पार्टी है, जो तीसरी पीढ़ी को नेतृत्व सौंपती है, जबकि अन्य दलों में यह परंपरा नहीं है. कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार के लाल को अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने जो सम्मान दिया है, उससे भाजपा और मजबूत होगी.
बिहार और बांकीपुर हमेशा उनके दिल में रहेगा: नितिन नबीन
वहीं प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नितिन नवीन की पहचान किसी बड़े नेता के बेटे के रूप में नहीं, बल्कि एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में है. उनका संगठन कौशल भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा. कार्यक्रम के अंत में नितिन नवीन ने कहा कि वे देश में कहीं भी रहें, बिहार और बांकीपुर हमेशा उनके दिल में रहेगा, और वे बिहार के कार्यकर्ताओं के साथ हर वक्त खड़े रहेंगे.







