नई दिल्ली। रेल यात्रा के दौरान “अब कौन सा स्टेशन आएगा?”, “ट्रेन लेट है या नहीं?” या “कोच में लाइट क्यों नहीं है?” जैसे सवाल हर यात्री के मन में आते हैं। अब इन सवालों के जवाब पाने के लिए न तो लंबी कॉल करनी पड़ेगी और न ही घंटों इंतजार करना होगा। यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने एक नया और आसान समाधान पेश किया है। रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर 139 पर SMS सेवा शुरू कर दी है, जिससे यात्री एक साधारण मैसेज भेजकर जरूरी जानकारियां और अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।
अब तक यात्रियों को 139 पर कॉल करके पीएनआर स्टेटस, ट्रेन का समय या अन्य जानकारियां लेनी पड़ती थीं। कॉल कनेक्ट होने में समय लगता था और कई बार नेटवर्क या व्यस्तता के कारण परेशानी भी होती थी। इसी समस्या को देखते हुए रेलवे ने अब कॉल के साथ-साथ SMS आधारित सेवा शुरू की है, ताकि यात्रियों को तुरंत और बिना झंझट जानकारी मिल सके।
यात्रियों की जरूरत पर फोकस
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह सुविधा यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। पहले 139 कॉल सेवा और ‘रेल मदद’ ऐप के जरिए यात्रियों को सहायता दी जाती थी। अब SMS सेवा जुड़ने से यह सिस्टम और ज्यादा आसान व प्रभावी हो गया है। इस सेवा के जरिए यात्री अपने PNR स्टेटस, ट्रेन के आगमन-प्रस्थान समय, ट्रेन की मौजूदा लोकेशन और संचालन से जुड़ी जानकारी कुछ ही सेकंड में पा सकते हैं।
SMS से तुरंत शिकायत
इतना ही नहीं, ट्रेन में सफर के दौरान या स्टेशन पर इंतजार करते समय अगर किसी तरह की परेशानी होती है, तो यात्री उसकी शिकायत भी SMS के जरिए दर्ज करा सकते हैं। गंदगी, शौचालय की खराब स्थिति, पानी की कमी, बिजली की समस्या या अन्य असुविधाओं की जानकारी सीधे रेलवे तक पहुंचाई जा सकेगी। जैसे ही शिकायत का SMS रेलवे सिस्टम को मिलेगा, संबंधित विभाग के कर्मचारियों को तुरंत समाधान के लिए भेजा जाएगा। इससे समस्याओं का निपटारा पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा तेजी से हो सकेगा।
सफर होगा आसान
रेलवे का मानना है कि यह पहल यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाएगी और उन्हें सफर के दौरान ज्यादा भरोसा और सुविधा मिलेगी। खासकर बुजुर्ग यात्रियों और उन लोगों के लिए यह सेवा बेहद मददगार साबित होगी, जो ऐप या लंबी कॉल से बचना चाहते हैं। कुल मिलाकर, रेलवे का यह नया “SMS जुगाड़” यात्रियों के सफर को और आसान, तेज और तनावमुक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।







