नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को शुरू होने में एक हफ्ते से भी कम समय बचा हुआ है। इस टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम कमाल की फॉर्म में चल रही है और उसने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में 4-1 से जीत हासिल की। अब सवाल इस बात पर है कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया कैसी प्लेइंग 11 के साथ मैदान पर उतरेगी। खासकर जब टीम में तिलक वर्मा की वापसी हो जाएगी। इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व चीफ सेलेक्टर कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने इस टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग 11 चुनी है।
संजू सैमसन को नहीं मिली प्लेइंग 11 में जगह
कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने अपनी प्लेइंग 11 में संजू सैमसन को जगह नहीं दी है। सैमसन न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 5 मैचों में सिर्फ 46 रन बना पाए थे। वहीं उन्होंने टॉप फॉर्म में चल रहे ईशान किशन को अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपी है। ईशान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौर मैचों में 215 रन बनाए और उनका औसत 53.75 रहा। वहीं उनका स्ट्राइक रेट 231.18 था। उन्होंने पांचवें टी20 में एक शतक भी जड़ा।
मिडिल ऑर्डर में ये खिलाड़ी
श्रीकांत ने अपनी प्लेइंग 11 के मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा को जगह दी है। वहीं सूर्यकुमार यादव के साथ उन्होंने रिंकू सिंह को टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर में जगह दी है। इसके अलावा टीम में ऑलराउंडर्स के तौर पर हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल को जगह दी है।
कुलदीप यादव को रखा बाहर
इतना ही नहीं श्रीकांत ने टीम में इकलौते स्पिनर के तौर पर वरुण चक्रवर्ती को जगह दी है। वहीं उन्होंने कुलदीप यादव को बाहर रखा है। इसके अलावा उन्होंने अर्शदीप सिंह के साथ जसप्रीत बुमराह को फास्ट बॉलिंग की जिम्मेदारी दी है।
कृष्णम्माचारी श्रीकांत की प्लेइंग 11 इस प्रकार है:
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।







