नई दिल्ली। e-PAN की लॉन्चिंग साल 2020 में हुई थी जिसके बाद लोगों को महज 10 मिनट में पैन नंबर जारी किया जाने लगा, लेकिन इसी बीच स्कैमर्स की नजर इस पर पड़ी। अब हर दिन लोगों को e-PAN को लेकर ई-मेल भेजे जा रही है। अब सरकार ने e-PAN कार्ड को लेकर बड़ी चेतावनी दी है।
भारत सरकार की फैक्ट चेक यूनिट PIB Fact Check ने लोगों को एक नए ऑनलाइन फ्रॉड को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। हाल ही में कुछ फर्जी ईमेल भेजे जा रहे हैं, जिनमें यूजर्स को e-PAN कार्ड डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऐसे ईमेल धोखाधड़ी का हिस्सा हो सकते हैं और लोगों को इनसे बचकर रहना चाहिए।
e-PAN डाउनलोड के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी ईमेल
सरकार के अनुसार कई लोगों को ऐसे ईमेल मिल रहे हैं जिनका विषय “Download e-PAN Card Online: A Step-by-Step Guide” जैसा होता है। इन ईमेल में यूजर को एक लिंक पर क्लिक कर e-PAN कार्ड डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है, लेकिन जांच में पाया गया है कि यह ईमेल आधिकारिक नहीं होते और इनका उद्देश्य लोगों की निजी जानकारी हासिल करना हो सकता है। इसलिए ऐसे ईमेल पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है।
आयकर विभाग के नाम का किया जा रहा दुरुपयोग
पैन कार्ड भारत में एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है जिसे इनकम टैक्स डिपार्टमेंट (Income Tax Department) द्वारा जारी किया जाता है। साइबर अपराधी इसी भरोसे का फायदा उठाकर लोगों को नकली ईमेल भेजते हैं। इन ईमेल में ऐसा दिखाया जाता है मानो यह आयकर विभाग की ओर से भेजे गए हों, जबकि वास्तव में ये फर्जी होते हैं। लिंक पर क्लिक करने से यूजर की व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी चोरी होने का खतरा रहता है।
ऐसे ईमेल मिलने पर क्या करें
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आपको e-PAN डाउनलोड से जुड़ा कोई संदिग्ध ईमेल मिलता है, तो उस पर दिए गए लिंक पर क्लिक न करें। इसके अलावा किसी भी अनजान वेबसाइट पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी या दस्तावेज साझा करने से बचें। अगर जरूरत हो तो पैन से जुड़ी सेवाओं के लिए हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या सरकारी पोर्टल का ही इस्तेमाल करें।
साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता जरूरी
सरकार लगातार लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह देती रहती है। ऐसे मामलों में सबसे जरूरी है कि किसी भी अनजान ईमेल, मैसेज या लिंक पर तुरंत भरोसा न किया जाए। थोड़ी सी सावधानी ही आपको बड़े साइबर फ्रॉड से बचा सकती है।







