नई दिल्ली। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) पर रिलीज हुई फिल्म टोस्टर इन समय चर्चा में बनी हुई है। रोजमर्रा की जिंदगी में दिखने वाले कंजूस लोगों की मानसिकता को इस फिल्म ने जिस अंदाज में पर्दे पर उतारा है, वह न केवल हंसाता है बल्कि सोचने पर भी मजबूर करता है। निर्देशक विवेक दास चौधरी की ये डार्क क्विर्की कॉमेडी दर्शकों को एक अनोखी और रोमांचक यात्रा पर ले जाती है।
क्या है फिल्म टोस्टर की कहानी?
फिल्म की कहानी रमाकांत किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है जिसे बॉलीवुड के फेमस एक्टर राजकुमार राव (Rajkummar Rao) ने निभाया है। रमाकांत इतना कंजूस है कि मुफ्त खाने के लिए जले हुए टोस्ट तक खाने को तैयार रहता है और मामूली पैसों के लिए लंबी बहस कर सकता है। वह अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए हर संभव जुगाड़ अपनाता है, चाहे वह लंगर में खाना हो या सस्ती सोसाइटी में रहना।
‘कंजूस रमाकांत वापस लेना चाहता है टोस्टर’
रमाकांत की पत्नी शिल्पा, जिसका किरदार बॉलीवुड एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा (Sanya Malhotra) ने निभाया है, उसकी इस आदत से परेशान है। कहानी में असली मोड़ तब आता है, जब रमाकांत एक शादी में नए कपल को टोस्टर गिफ्ट में देता है।
बाद में ये शादी टूट जाती है और रमाकांत गिफ्ट में दिए टोस्टर को वापस लेने के लिए उतारु हो जाता है। रमाकांत उसे हर हाल में वापस पाने की जिद ठान लेता है। यहीं से शुरू होता है एक अजीब, खतरनाक और हास्यास्पद घटनाओं का सिलसिला जो फिल्म को पूरी तरह से अनप्रेडिक्टेबल बना देता है।
कॉमेडी और थ्रिल का अनोखा मिश्रण
टोस्टर सिर्फ एक कॉमेडी फिल्म नहीं है बल्कि इसमें डार्क ह्यूमर और थ्रिलर का भी बेहतरीन तड़का है। फिल्म हल्के-फुल्के अंदाज में शुरू होती है लेकिन धीरे-धीरे एक क्रेजी और वाइल्ड टोन पकड़ लेती है।
हालांकि सेकंड हाफ में कहानी थोड़ी धीमी पड़ती नजर आती है लेकिन निर्देशक नए ट्विस्ट के जरिए इसे फिर से ट्रैक पर ले आते हैं। फिल्म का मिडिल क्लास ह्यूमर दर्शकों को आसानी से कनेक्ट करता है क्योंकि इसके कई सीन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े लगते हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट और उनकी एक्टिंग
एक्टिंग के मामले में फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसके लीड हीरो राजकुमार राव हैं। उन्होंने एक कंजूस इंसान के किरदार को जिस बारीकी से निभाया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। उनकी कॉमिक टाइमिंग और एक्सप्रेशंस फिल्म को एक अलग स्तर पर ले जाते हैं।
सान्या मल्होत्रा ने पत्नी के किरदार में अच्छी मौजूदगी दर्ज कराई है। हालांकि उनके रोल में और गहराई हो सकती थी। वहीं अभिषेक बनर्जी अपने छोटे लेकिन असरदार रोल में याद रह जाते हैं। इसके अलावा सीमा पाहवा, फराह खान, अर्चना पूरन सिंह जैसे कलाकार फिल्म में अलग-अलग रंग भरते हैं और कहानी को दिलचस्प बनाते हैं।
ब्लैक कॉमेडी जॉनर में अलग पहचान
बॉलीवुड में ब्लैक कॉमेडी का जॉनर ज्यादा एक्सप्लोर नहीं हुआ है लेकिन टोस्टर इस दिशा में एक दिलचस्प कोशिश है। ये फिल्म जाने भी दो यारो और अंधाधुंध जैसी फिल्मों की याद दिलाती है, जहां हास्य के साथ गहरे और अंधेरे पहलुओं को भी दिखाया गया था।
क्या है फिल्म की खासियत?
फिल्म टोस्टर की सबसे बड़ी खासियत इसका यूनिक कॉन्सेप्ट और अजीबोगरीब किरदार हैं। कंजूसी की मानसिकता पर व्यंग्य करते हुए फिल्म कई ऐसे पल देती है, जहां आप हंसते-हंसते चौंक जाते हैं। हालांकि कुछ किरदार अधूरे लगते हैं लेकिन इसके बावजूद फिल्म अपनी पकड़ बनाए रखती है और दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है।
फिल्म देखें या नहीं?
अगर आप कुछ अलग, क्विर्की और डार्क कॉमेडी देखना चाहते हैं, तो टोस्टर आपके लिए एक दिलचस्प विकल्प साबित हो सकती है। ये फिल्म आपको हंसाने के साथ-साथ एक अजीब लेकिन मजेदार अनुभव भी देती है।
- फिल्म- टोस्टर (Toaster)
- स्टारकास्ट- राजकुमार राव, सान्या मल्होत्रा, सीमा पाहवा, अर्चना पूरन सिंह
- डायरेक्टर- विवेक दास चौधरी
- रनटाइम- 2 घंटे
- ओटीटी प्लेटफॉर्म- नेटफ्लिक्स (Netflix)
- स्टार- *** (3/5)







