नई दिल्ली। डायरेक्टर प्रेम की विवादास्पद फिल्म ‘KD: The Devil’ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बीते दिनों इस फिल्म में नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माए गए गाने ‘सरके चुनर तेरी’ पर खूब घमासान हुआ था। अश्लील बोल को लेकर महिला आयोग से लेकर संसद तक में इस पर नाराजगी जाहिर की गई। मेकर्स ने विवाद बढ़ता देख गाना यूट्यूब से हटा लिया। लेकिन अब जब यह फिल्म 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, अचानक इसका ट्रेलर भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से गायब हो गया है। जाहिर तौर पर फिल्म के लीड एक्टर ध्रुव सरजा के फैंस इस बात से खासे नाराज हैं। सोशल मीडिया पर डायरेक्टर प्रेम और KVN प्रोडक्शंस की आलोचना हो रही है। लगे हाथ मेकर्स ने इस पर सफाई भी दी है।
‘केडी: द डेविल’ का ट्रेलर बीते 22 अप्रैल को रिलीज किया गया था। अब जब फैंस के लिए यह ट्रेलर नदारद है तो निर्माताओं ने इसके हटाने के फैसले को लेकर बयान जारी किया है। इसमें बताया गया कि कि ट्रेलर में कुछ ‘बिना सर्टिफिकेशन वाले कंटेंट’ थे, जिस कारण इसे हटाने का फैसला लिया गया। हालांकि, इससे अभी भी नाखुश हैं। डायरेक्टर प्रेम पर सबसे अधिक उंगलियां उठ रही हैं, क्योंकि ‘Sarke Chunar Teri Sarke’ के विवाद में पहली नजर में उनका ही दोष दिखा था।
मेकर्स ने X पर दी सफाई, बिना सर्टिफिकेशन वाला कंटेंट है वजह
KVN प्रोडक्शंस ने ‘केडी: द डेविल’ का ट्रेलर हटाए जाने के संबंध में सफाई देते हुए X पर पोस्ट किया और कहा, ‘हाल ही YouTube पर रिलीज किए गए KD: The Devil के ट्रेलर में, सर्टिफिकेशन प्रक्रिया के दौरान अनजाने में कुछ ऐसे कंटेंट शामिल थे, जिसे सर्टिफिकेट नहीं मिला था। इसलिए, हमने ट्रेलर को हटा दिया है और सर्टिफिकेशन दिशानिर्देशों का पालन करते हुए जल्द ही इसका एक एडिटेट वर्जन अपलोड करेंगे। हमें इस चूक का गहरा खेद है और हम सर्टिफिकेशन के सभी नियमों का पालन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।’
KVN प्रोडक्शंस की ‘जन नायकन’ भी अटकी है, ‘टॉक्सिक’ पोस्टपोन हुई है
वैसे जानकारी के लिए बता दें कि KVN वही प्रोडक्शन हाउस है, जो यश की फिल्म ‘Toxic’ लेकर आ रही है। इस फिल्म के फर्स्ट लुक टीजर में भी अश्लील कंटेंटे को लेकर घोर आलोचना हुई थी। जबकि थलपति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ का निर्माण भी इसी बैनर तले हुआ है, जिसे अभी तक सेंसर बोर्ड से रिलीज सर्टिफिकेट नहीं मिला है। विजय की यह फिल्म जनवरी में ही रिलीज होने वाली थी। लेनिक CBFC से विवाद के कारण यह अब तक अटकी है। हाल ही यह फिल्म ऑनलाइन लीक भी हो गई।
यूजर्स बोले- आखिर KVN प्रोडक्शंस के साथ चल क्या रहा है
सोशल मीडिया पर यूजर्स खासकर ध्रुव सरजा के फैंस बेहद निराश हैं। एक ने लिखा है, ‘KVN और CBFC – एक कभी न खत्म होने वाली प्रेम कहानी। इनके हर प्रोजेक्ट पर विवाद हो रहा है। कमाल की बात है।’ माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट X पर एक अन्य नाराज यूजर ने कॉमेंट किया है, ‘आखिर KVN प्रोडक्शंस के साथ चल क्या रहा है? ‘जन नायकन’ लीक हो गई, वो भी HD क्वालिटी में। अब ‘KD’ के ट्रेलर में बिना सर्टिफिकेशन वाली सामग्री है? यह तो मजाक बनता जा रहा है!’
‘ये लोग टॉक्सिक की हिंसा कैसे संभालेंगे’
एक तीसरे यूजर ने लिखा है, ‘जब ये लोग इस तरह की छोटी-मोटी चीजें भी ठीक नहीं कर पा रहे हैं, तो मुझे समझ नहीं आता कि इतनी ज्यादा हिंसा वाली फिल्म ‘टॉक्सिक’ को ये कैसे संभालेंगे।’ एक अन्य ने लिखा, ‘आप लोग ऐसी हरकतें क्यों करते हैं? ‘जन नायकन’ भी विवादों में घिरी, ‘KD’ भी उम्मीद के मुताबिक नहीं थी, ‘कब्जा’ भी उम्मीद से कमजोर निकली और ‘टॉक्सिक’ भी किसी न किसी वजह से पोस्टपोन करनी पड़ी।’
‘केडी: द डेविल’ फिल्म की कास्ट
KD: The Devil मूल रूप से कन्नड़ एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसे प्रेम ने डायरेक्ट किया है। वेंकट के. नारायण ने KVN प्रोडक्शंस के बैनर तले इसे प्रोड्यूस किया है। फिल्म में ध्रुव सरजा लीड रोल में हैं। जबकि उनके साथ संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी, वी. रविचंद्रन, रमेश अरविंद, रेशमा नानाइया, जीशू सेनगुप्ता और नोरा फतेही भी हैं। फिल्म का संगीत अर्जुन जान्या ने तैयार किया है। यह फिल्म 30 अप्रैल 2026 को पैन इंडिया रिलीज होने वाली है।







